#हादसा
September 15, 2025
हिमाचल में भारी बारिश से गिरा मकान, मलबे में दबी मां-बेटी- चीखें सुन सहमे लोग
प्रशासन ने दिया हर संभव मदद का आश्वासन
शेयर करें:
हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश में मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों तक मॉनसून कमजोर होने की बात कही थी। हालांकि आज सुबह 5 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट दिया गया है। इसमें कांगड़ा, मंडी, ऊना, बिलासपुर और हमीरपुर में ऑरेंज अलर्ट था।
कहा गया है कि भारी बारिश के बाद फ्लैश फ्लड, जल भराव और भूस्खलन देखने को मिल सकता है। वहीं शिमला, सोलन, कुल्लू, चंबा व सिरमौर जिले में भी हल्की बारिश हो सकती है।
18 सितंबर तक मौसम विभाग ने मौसम साफ रहने और मॉनसून कमजोर पड़ने की जानकारी दी थी लेकिन शिमला व राज्य के अधिकतर हिस्सों में बादल छाए हुए हैं।
वहीं, इस सब के बीच आज हमीरपुर से एक बुरी खबर सामने आई है। जिले के नाहलवीं गांव में अचानक एक पुराना स्लेटपोश मकान गिर गया। दुख की बात ये रही कि मलबे में घर में मौजूद मां-बेटी दब गईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के देव स्थलों को लोगों ने बनाया पिकनिक स्पॉट, कमेटी का फैसला- मंदिर तक नहीं बनेगी सड़क
स्थानीय लोगों ने लगभग 1 घंटे के अंदर मलबे में फंसे दोनों लोगों को बाहर निकाला। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं। दोनों महिलाओं की पहचान 48 साल की बेटी रुक्मिणी देवी और 70 साल की मां सुखा देवी के रूप में हुई है।
घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भोटा ले जाया गया जहां दोनों का इलाज किया जा रहा है। दरअसल मां सुखा अपनी बेटी रुक्मिणी से मिलने उनके घर आई थी। दोनों घर के काम में व्यस्त थीं कि तभी मकान भरभराकर उनपर गिर गया और दोनों बाहर नहीं निकल पाईं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट, सुक्खू सरकार ने खोल दिया नौकरियों का पिटारा, 3700 पदों पर होगी भर्ती
SDM हमीरपुर का कहना है कि नुकसान का जायजा लेने के लिए हलका पटवारी को मौके पर भेजा गया है। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को हर संभव मदद करने का आश्वासन दिया है।