#हादसा
October 19, 2025
हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: पिकअप ने कुचला 5 वर्षीय मासूम, कार चालक ने रौंदी छात्रा
ऊना और मंडी में पेश आई घटनाएं, मासूम की हालत नाजुक
शेयर करें:

ऊना/मंडी। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़कों पर दर्दनाक हादसे पेश आ रहे हैं। कभी तेज रफ्तार तो कभी वाहन चालकों की लापरवाही इन हादसों के ग्राफ को बढ़ा रही है। ऐसे ही दो हादसे हिमाचल के ऊना जिला और मंडी जिला में पेश आए हैं। जिसमें एक पांच साल के मासूम और एक स्कूली छात्रा को वाहन चालकों ने जोरदार टक्कर मार दी। दोनों ही इस हादसों में बुरी तरह से घायल हुए हैं।
पहला हादसा ऊना जिला के अंब में पेश आया। यहां अंब ऊना नेशनल हाइवे पर पक्का परोह में आज रविवार को एक पिकअप चालक ने पांच साल के मासूम को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से बच्चा बुरी तरह से घायल हो गया है। हालांकि बच्चे को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है, लेकिन उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। घायल बच्चे की पहचान कार्तिक पुत्र मनोज निवासी जिला बदायू उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली मनाने स्कूटी पर चंडीगढ़ से घर लौट रहे दो भाई, सीटीयू बस ने बुरी तरह से रौंदे
बताया जा रहा है कि बच्चा सड़क पार कर रहा था, इसी दौरान पिकअप की चपेट में आ गया। हादसे के बाद घायल हुए बच्चे को सिविल अस्पताल अंब ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए उसे क्षेत्रीय अस्पताल ऊना रेफर किया गया। लेकिन यहां से उसे पीजीआई रेफर कर दिया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल भाजपा अध्यक्ष के भाई को मिली जमानत, 25 वर्षीय युवती ने लगाए हैं नीचता के आरोप
इसी तरह से दूसरा हादसा मंडी जिला के चैल चौक बाजार में हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार कार सवार ने स्कूली छात्रा को जोरदार टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि कार चालक एक निजी विश्वविद्यालय का छात्र था और तेज संगीत बजाते हुए बाजार से गुजर रहा था। इसी दौरान उसने सड़क पार कर रही छात्रा वैष्णवी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से छात्रा दूर जाकर गिरी और घायल हो गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ी 26 वर्षीय 'चिट्टा गर्ल', किराये के कमरे में साथी संग चला रही थी नशे का कारोबार
घटना के तुरंत बाद वैष्णवी के पिता जो चैल चौक बाजार में ही ज्वैलरी की दुकान चलाते हैं मौके पर पहुंचे और बेटी को उपचर के लिए नेरचौक मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। उनके साथ छात्रा को टक्कर मारने वाला युवक भी अस्पताल पहुंचा था, लेकिन बाद में वह अस्पताल से फरार हो गया। छात्रा के पिता ने मामले की शिकायत पुलिस थाना में दर्ज करवाई है। पुलिस ने कार चालक को थाने बुलाया, जिसके बाद कार चालक ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और माफी मांग ली। दोनों पक्षों के बीच समझौता होने से मामला सुलझ गया है।