#हादसा
October 19, 2025
हिमाचल: दिवाली मनाने स्कूटी पर चंडीगढ़ से घर लौट रहे दो भाई, सीटीयू बस ने बुरी तरह से रौंदे
स्कूटी पर सवार होकर चंडीगढ़ से कांगड़ा आ रहे थे दोनों भाई
शेयर करें:

देहरा (कांगड़ा)। दिवाली की खुशियों को मनाने घर लौट रहे दो भाइयों का उत्साह उस समय हादसे में तब्दील हो गया जब उनकी स्कूटी को एक तेज रफ्तार सीटीयू बस ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना रविवार को मुबारिकपुर-रानीताल राष्ट्रीय उच्च मार्ग-503 पर बढ़हूं नामक स्थान पर घटी।
जानकारी के अनुसार चंडीगढ़ में काम कर रहे लंज क्षेत्र के काहलियां गांव निवासी अरुण पांजला और अमन पांजला दिवाली का त्योहार मनाने के लिए स्कूटी पर सवार होकर अपने गांव लौट रहे थे। जैसे ही वे देहरा के निकट बढ़हूं पहुंचे, सामने से आ रही चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग CTU की एक बस ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
यह भी पढ़ें: हिमाचल भाजपा अध्यक्ष के भाई को मिली जमानत, 25 वर्षीय युवती ने लगाए हैं नीचता के आरोप
टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी समेत दोनों युवक सड़क पर जा गिरे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों भाइयों की टांगों में गहरी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने मानवीयता दिखाते हुए तुरंत एम्बुलेंस को सूचित किया और दोनों घायलों को सिविल अस्पताल देहरा पहुंचाया गया। डॉक्टरों द्वारा प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में पकड़ी 26 वर्षीय 'चिट्टा गर्ल', किराये के कमरे में साथी संग चला रही थी नशे का कारोबार
जिस घर में दिवाली की रौनक और उत्सव की तैयारी हो रही थी, वहां एकाएक डर और चिंता का माहौल बन गया। परिजनों को जैसे ही घटना की सूचना मिली, वे तुरंत अस्पताल पहुंचे। अरुण और अमन के घर लौटने की बाट जोह रहा परिवार अब उनके स्वास्थ्य की दुआएं कर रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही देहरा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने बताया कि सीटीयू बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: दिवाली से पहले परिवार ने खो दिया 21 वर्षीय बेटा, पुलिस भर्ती में नहीं हुआ था सिलेक्ट
स्थानीय लोगों का कहना है कि बस की रफ्तार काफी तेज थी और संभवतः चालक ने समय रहते ब्रेक नहीं लगाया। ऐसे में दिवाली जैसे पर्व के दौरान सड़कों पर सुरक्षा को लेकर फिर से सवाल उठ खड़े हुए हैं।