#हादसा

July 21, 2025

हिमाचल : बीच सड़क खड़े बिजली के खंभे ने छीना युवक का जीवन, 6 महीने पहले ही हुई थी शादी

ग्रामीणों में गुस्सा, प्रशासन से कार्रवाई की मांग

शेयर करें:

electricity pole takes youth life

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर स्थित पांवटा साहिब के पुरूवाला क्षेत्र से एक हिला देने वाली खबर सामने आई है, जहां सरकारी लापरवाही की कीमत एक युवा की जान से चुकानी पड़ी। जिस खतरे की चेतावनी स्थानीय लोग और मीडिया पहले ही दे चुके थे, वही खतरा अब हकीकत बन गया है। सड़क के बीचोंबीच खड़े बिजली के खंभों के कारण एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक सनव्वर की जान चली गई।

 

अंधेरे में दिखा नहीं खंभा, बाइक सीधी टकराई

 

घटना बीती रात करीब साढ़े आठ बजे की है। सनव्वर अपने भाई के साथ पुरूवाला लिंक रोड से बाइक पर घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक सड़क के बीच खड़ा बिजली का खंभा सामने आ गया। अंधेरे में खंभा दिखा नहीं और बाइक सीधे उससे जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सनव्वर की मौके पर ही मौत हो गई।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : एक साथ उठी पिता-पुत्र की अर्थी, इकलौते बेटे की शादी का सपना रह गया अधूरा- बहनें और मां बेसुध

 

6 महीने पहले ही हुई थी शादी

 

इस हादसे ने एक खुशहाल परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जानकारी के अनुसार, महज 6 महीने पहले ही सनव्वर की शादी हुई थी। उसके घर में अब मातम पसरा हुआ है और गांव का माहौल गमगीन हो गया है।

 

विभाग की लापरवाही से फूटा गुस्सा

 

हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बड़ी संख्या में लोग सिविल अस्पताल पांवटा साहिब पहुंचे और प्रशासन से मांग की कि तुरंत इन खतरनाक खंभों को हटाया जाए। ग्रामीणों ने बताया कि ये खंभे पहले सड़क किनारे थे, लेकिन जब पीडब्ल्यूडी विभाग ने सड़क को चौड़ा किया तो खंभे बीच सड़क में आ गए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : गहरी खाई में गिरी ऑल्टो कार, बाप-बेटे समेत 5 थे सवार, दो ने तोड़ा दम

 

आंखें मूंदे बैठा विभाग

 

बीते महीनों में कई बार यह मामला सोशल मीडिया और स्थानीय मीडिया के ज़रिए उठाया गया, लेकिन बिजली विभाग और पीडब्ल्यूडी दोनों ने आंखें मूंदे रखीं। अब जब एक युवक की जान गई है, तब जाकर लोग पूछ रहे हैंकब जागेगा सिस्टम?

 

पुलिस ने शुरू की जांच

 

माजरा पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लेकिन बड़ा सवाल यही है कि क्या इस हादसे की जिम्मेदारी किसी पर तय होगी? क्या सड़क के बीच खंभा खड़ा करने वाले विभाग को सजा मिलेगी या फिर यह एक और 'दुर्घटना' बनकर फाइलों में दब जाएगा?

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल में ऑरेंज अलर्ट के बीच हवाई सेवाएं ठप : 142 सड़कें बंद, 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी

 

स्थानीय लोग भी भड़के

 

ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क से ये बिजली के खंभे नहीं हटाए गए तो वे आंदोलन करेंगे। अब यह मामला सिर्फ एक दुर्घटना नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही के खिलाफ जनगुस्से का प्रतीक बन गया है।

 

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें। 

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख