#हादसा
June 30, 2026
हिमाचल : कुछ घंटों पहले बहन की विदाई, थोड़ी देर बाद उठ गई भाई की अर्थी- खुशियों पर पसरा मातम
शादी की खुशी वाले घर में अचानक गूंज उठीं चीखें
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के जिला कांगड़ा में एक शादी वाले घर की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बहन की विदाई के बाद घर लौट रहे भाई की दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक की कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। कुछ ही देर पहले जिस घर में बेटी की विदाई की खुशियां थीं, वहां अचानक चीख-पुकार मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मामला जिला कांगड़ा के जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र के तहत आने वाली ग्राम पंचायत बाड़ी के गांव बढ़ाल से सामने आया है। बढ़ाल निवासी घनश्याम ने सोमवार रात तलवाड़ा स्थित एक मैरिज हॉल में अपनी बेटी की शादी धूमधाम से की थी। शादी समारोह में परिवार, रिश्तेदार और गांव के लोग शामिल हुए थे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सही निकला टीचर मनीषा का शक, भाई ने ही दी थी बहन की ह*त्या की सुपारी- अब जाएगा जेल
शादी की सभी रस्में खुशी-खुशी पूरी हुईं। अगले दिन सुबह परिवार ने बेटी को नम आंखों से विदा किया। घर में बेटी की विदाई के भावुक पल चल रहे थे, लेकिन किसी को नहीं पता था कि कुछ ही देर बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूटने वाला है।
बताया जा रहा है कि घनश्याम का 30 वर्षीय बेटा दिनेश शर्मा बहन की शादी की जिम्मेदारियों में पूरी तरह जुटा हुआ था। बहन की विदाई के बाद दिनेश रिश्तेदारों को छोड़ने के लिए तलवाड़ा गया हुआ था। रिश्तेदारों को छोड़ने के बाद जब वह अपनी गाड़ी से वापस घर की ओर लौट रहा था, तभी रास्ते में उसके साथ यह दर्दनाक हादसा हो गया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: 18 साल की देश सेवा, अब तिरंगे में घर लौटा जवान- पीछे छूट गई पत्नी और 2 मासूम बच्चे
सुबह करीब 5 बजे दिनेश गांव बढ़ाल के जंगल के पास पहुंचा था। इसी दौरान किसी कारण से उसकी गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पहाड़ी से जा टकराई। हादसा इतना जोरदार था कि गाड़ी सड़क के बीचोंबीच पलट गई। टक्कर के बाद दिनेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गया और काफी देर तक वहीं पड़ा रहा।
सुबह के समय जब कुछ राहगीर उस रास्ते से गुजर रहे थे तो उन्होंने सड़क पर पलटी हुई गाड़ी देखी। पास जाकर देखा तो एक युवक गंभीर हालत में घायल पड़ा हुआ था। लोगों ने तुरंत इंसानियत दिखाते हुए बिना समय गंवाए दिनेश को उठाया और एक अन्य वाहन की मदद से BBMB अस्पताल तलवाड़ा पहुंचाया। डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू करने से पहले जांच की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: अचानक फेल हुई बस की ब्रेक, खाई देख सहमे यात्री- हड़बड़ी में चालक ने उठाया ये कदम
जैसे ही दिनेश की मौत की खबर घर पहुंची, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। जिस घर से कुछ देर पहले बेटी की विदाई हुई थी, उसी घर में बेटे की मौत का दुख छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मां-बाप और परिवार के अन्य सदस्य इस सदमे से उबर नहीं पा रहे हैं। गांव के लोग भी इस घटना से बेहद दुखी हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और संबंधित विभाग की टीम मौके पर पहुंची। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। अस्पताल प्रशासन की ओर से जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के 9 जिलों में मौसम का यलो अलर्ट : तेज आंधी-तूफान के साथ जमकर बरसेंगे बादल
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा। इस दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया है। लोग यही कह रहे हैं कि कुछ घंटे पहले जिस घर में बेटी की विदाई की खुशी थी, उसी घर में बेटे की अर्थी उठने का दर्द किसी ने नहीं सोचा था।