#हादसा
October 7, 2025
हिमाचल: सड़क से लुढ़की निजी बस गहरी खाई में जा गिरी, यात्रियों की चीख-पुकार से दहला क्षेत्र
बस हादसे में कई यात्री हुए घायल, अस्पताल में चल रहा इलाज
शेयर करें:

पालमपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी बस सड़क से लुढ़क कर गहरी खाई में जा गिरी है। इस हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई। यात्रियों की चीख पुकार सुनकर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और बचाव कार्य शुरू किया। यह हादसा आज मंगलवार दोपहर के समय उपमंडल पालमपुर के पास हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर के समय पठानकोट मंडी राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर एक निजी बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। यह हादसा पालमपुर में सीएसआईआर परिसर से कुछ ही दूरी पर हुआ है। इस हादसे में छह यात्रियों के घायल होने की सूचना है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़ें : अब उसी लड़की से शादी करेंगे ऊना के SDM : 25 हजार की मुचलके पर मिली जमानत
बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर के समय एक निजी बस मनाली से पठानकोट की तरफ जा रही थी। इसी दौरान चालक ने अचानक से बस पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बस गहरी खाई में जा गिरी। यात्रियों की चीख पुकार सुन कर स्थानीय लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और पुलिस को मामले की सूचना दी। पुलिस की टीमें भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गहरी खाई में कूद गया बी-टेक का छात्र, खत्म करना चाहता था जिंदगी; वजह जान चौंके सभी
पुलिस ने स्थानीय लोगों के साथ मिलकर बस में घायल हुए यात्रियों को खाई से निकाल कर एंबुलेंस के माध्यम से नागरिक चिकित्सालय पालमपुर में पहुंचाया, जहां पर उनका इलाज चल रहा है। अभी तक हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। वहीं यह भी पता लगाया जा रहा है कि यह हादसा किन कारणों से हुआ है।
हालांकि कुछ लोगों का कहना है कि यह हादसा एक अन्य वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ है। ओवरटेक करने के प्रयास में ही चालक ने बस पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बस सीधे खाई में जा गिरी। हालांकि ओवरटेक की बात की अभी तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के कारणों का पता चल पाएगा। पुलिस प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्जकर हादसे के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।