#हादसा
June 16, 2025
हिमाचल: शख्स ने बनाया सपनों का घर, लैंटर पर पानी देते लगा करंट; थम गई सांसें
अस्पताल में उपचार के दौरान तोड़ा दम
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश में हादसों का दौर जारी है। कभी सड़क हादसे तो कभी अन्य हादसों में लोगों की कीमती जानें जा रही हैं। आए दिन हो रहे इन हादसों ने आम जनमानस की चिंता को बढ़ा दिया है। अब इसी तरह का एक और हादसा हिमाचल के कांगड़ा जिला के लंबागांव थाना क्षेत्र से सामने आया है। यहां करंट लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई है।
दरअसल जिला कांगड़ा के लंबागांव पुलिस थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति खुशी खुशी अपने सपनों के घर का निर्माण कर रहा था। घर की दीवारें तैयार होने के बाद शख्स ने लेंटर डलवाया और फिर नए डले लैंटर पर पानी देने लगा। इसी दौरान अचानक करंट लगने से उसकी दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय अजय कुमार निवासी बरोटा के रूप में हुई है। यह हादसा 13 जून को उस समय हुआ जब अजय कुमार अपने नव.निर्मित मकान के लैंटर पर पानी देने के लिए ऊपर गया था।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में एक परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, 5 दिन में दो नवजात बच्चों ने त्यागे प्राण
परिवारजनों के अनुसार अजय कुमार ने हाल ही में अपने घर के साथ एक नया मकान तैयार किया था, जिसका लैंटर हाल ही में डाला गया था। जैसे ही वह लैंटर पर पानी देने पहुंचा और पानी डालना शुरू किया, अचानक उसे तेज करंट का झटका लगा। करंट लगते ही अजय कुमार संतुलन खो बैठा और ऊंचाई से नीचे गिर गया। स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में तुरंत उसे नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसे टांडा स्थित डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। हालांकिए वहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : रिज पर स्थापित हुई स्व. वीरभद्र की वो मूर्ती, जिसने गिरने की कगार पर पहुंचाई थी सुक्खू सरकार
पुलिस जांच में सामने आया है कि लैंटर के ऊपर से एक सर्विस वायर गुजर रही थी, जो संभवतः करंट का स्रोत हो सकती है। हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि करंट सर्विस वायर से लगा या फिर निर्माणाधीन लैंटर में किसी तकनीकी खामी के चलते विद्युत प्रवाह हुआ। लंबागांव पुलिस ने घटना के संबंध में भारतीय सुरक्षा अधिनियम की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है और शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल पुलिस भर्ती परीक्षा में पैसों के लेन देन की आशंका, हिरासत में लिए 4 अभ्यर्थी
पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि हादसे के लिए कौन जिम्मेदार था। वहीं, इस दुखद घटना के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और स्थानीय लोग प्रशासन से निर्माण कार्यों के दौरान बिजली सुरक्षा मानकों के पालन को लेकर सख्ती की मांग कर रहे हैं।