#हादसा
July 22, 2025
हिमाचल: बाइक से गिरी महिला, पीछे से आ रही बस ने कुचल दी, मौके पर ही थम गई सांसें
आगे चल रही कार के अचानक ब्रेक लगने से बिगड़ा था संतुलन
शेयर करें:

बिलासपुर। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के कारण सड़क हादसों का ग्राफ भी लगातार बढ़ रहा है। एक रिपोर्ट के अनुसार ज्यादतर सड़क हादसों का कारण तेज रफ्तार और वाहन चालकों की लापरवाही होती है। ऐसा ही कुछ हिमाचल के बिलासपुर जिला में भी हुआ है। यहां एक महिला बाइक से गिर गई और पीछे से आ रही बस की चपेट में आ गई, जिससे उसकी मौत हो गई।
यह दर्दनाक घटना बिलासपुर जिला के बामटा क्षेत्र के पास सोमवार देर शाम को हुई है। इस दर्दनाक हादसे में 41 वर्षीय महिला की मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब महिला बाइक पर एक व्यक्ति के साथ बैठ कर कहीं जा रही थी। इसी दौरान अचानक उनके आगे चल रहे कार चालक ने अचानक ब्रेक लगा दी। कार के अचानक ब्रेक लगने से बाइक चला रहे शख्स ने बाइक पर से संतुलन खो दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : पिता की कमी को बनाया ताकत- बेटी ने JRF क्वालिफाई कर बढ़ाया मां का मान
बताया जा रहा है कि संतुलन बिगड़ने के चलते बाइक सड़क पर फिसल गई और बाइक पर पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। इसी बीच पीछे से आ रही एक बस की चपेट में आ गई। बस की चपेट में आने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हादसे के बाद स्थानीय लोग घटनास्थल पर एकत्रित हो गए और घायल महिला को उपचार के लिए तुरंत ही क्षेत्रीय अस्पताल बिलासपुर पहुंचाया। लेकिन महिला ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : आपदा के बीच घर से काम पर निकला बेटा नहीं लौटा वापस, परिवार मांग रहा मदद
क्षेत्रीय अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही बिलासपुर सदर थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। मृतक महिला की पहचान 41 वर्षीय लता देवी के रूप में हुई है। लता देवी बिलासपुर की रहने वाली बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक महिला के परिजनों को सूचित किया।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : फलों-सब्जियों की गाड़ी में चंडीगढ़ पहुंचाया जा रहा था नशा, पुलिस ने रंगे हाथों पकड़ा तस्कर
पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। घटना की पुष्टि करते हुए एसपी बिलासपुर संदीप धवल ने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है। वहीं महिला की मौत से उसके परिवार में मातम पसर गया है। किसी ने भी इस तरह की अनहोनी की कल्पना भी नहीं की थी।