#हादसा
May 11, 2025
हिमाचल: खड्ड में नहाने गया था 16 साल का रोहित- दोस्तों के सामने ही डूब गया
दोस्तों संग नहाने गया था रोहित
शेयर करें:

हमीरपुर | हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दुखद हादसा सामने आया है, जहां स्थित नादौन के बड़ा क्षेत्र में कुनाह खड्ड में नहाने गए 16 साल के रोहित कुमार की डूबने से मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली घटना शनिवार शाम की है, जब रोहित अपने दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने उतरा था। गहरे पानी में फंसने के कारण वह लापता हो गया। रविवार तक चले तलाशी अभियान में पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगी रहीं, लेकिन रोहित को बचाया नहीं जा सका।
दोस्तों संग नहाने गया था रोहित
शनिवार की शाम रोहित कुमार, जो हमीरपुर के प्लासी गाँव का निवासी था, अपने कुछ दोस्तों के साथ कुनाह खड्ड में नहाने गया था।
स्थानीय लोगों के अनुसार, खड्ड का पानी उस जगह गहरा था, जहाँ रोहित नहा रहा था। अचानक वह गहरे पानी में डूब गया। उसके दोस्तों ने तुरंत आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी और नादौन पुलिस को अलर्ट किया। रोहित की इस असमय मौत ने पूरे गाँव को सदमे में डाल दिया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के शहीद पवन का राजौरी स्थित ऑफिस भी हुआ था तबाह, भयावह तस्वीरें आई सामने
पुलिस और एसडीआरएफ ने शुरू किया तलाशी अभियान
हादसे की खबर मिलते ही नादौन पुलिस हरकत में आई और तलाशी के लिए SDRF की मदद ली गई। शनिवार शाम से ही SDRF की टीम ने खड्ड में रोहित की तलाश शुरू की। रविवार को भी यह अभियान जारी रहा।
घटनास्थल पर SDM नादौन राकेश शर्मा भी मौके पर पहुँचे और स्थिति का जायजा लिया। गहरे पानी और तेज बहाव के कारण तलाशी में मुश्किलें आईं, लेकिन टीमें लगातार प्रयास करती रहीं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: घर पहुंची शहीद पवन जरियाल की पार्थिव देह, मां-पत्नी बेसुध; पिता हुए निशब्द
परिवार और गांव में छाया मातम
रोहित कुमार प्लासी गांव का एक होनहार किशोर था। उसकी इस असमय मौत से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि रोहित एक मिलनसार और हंसमुख लड़का था, जो अपने दोस्तों के बीच खासा लोकप्रिय था। उसके परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। गाँव के लोग परिवार को इस दुख की घड़ी में सांत्वना देने में जुटे हैं।
यह भी पढ़ें: तनाव के बीच श्रीनगर से हिमाचल के छात्रों को घर पहुंचाएगी HRTC, स्पेशल ऑपरेशन चलाया
खड्डों में नहाने की बढ़ती घटनाएं
यह हादसा कुनाह खड्ड में डूबने की पहली घटना नहीं है। गर्मियों में स्थानीय युवा और बच्चे अक्सर नदियों और खड्डों में नहाने जाते हैं, जिसके कारण ऐसी दुर्घटनाएँ बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतें।
यह भी पढ़ें : भारत-पाक संघर्ष में हिमाचल का जवान शहीद, J&K के राजौरी में थे तैनात
प्रशासन का सक्रिय रुख
एसडीएम नादौन राकेश शर्मा ने घटनास्थल का दौरा कर परिवार को हर संभव मदद का आश्वासन दिया है। पुलिस ने भी मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।