#हादसा
March 13, 2025
हिमाचल : लाइट का स्विच ऑन करते ही फटा गैस सिलेंडर, घर में मची चीख-पुकार
दो मंजिला मकान हुआ बुरी तरह क्षतिग्रस्त
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले में एक दुखद हादसा पेश आया है। यहां रामपुर के कंडी गांव में एक गैस सिलेंडर फट गया है। गैस सिलेंडर के फटते ही घर में जोरदार धमाका हुआ- जिससे दो मंजिला मकान बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। घटना के वक्त घर पर दो लोग मौजूद थे।
घर से धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में मकान के दो कमरे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। धमाके से मकान मालिक को काफी नुकसान हुआ है।
गनीमत रही कि हादसे में कोई जानी-नुकसान नहीं हुआ है। मगर हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं- जिन्हें उपचार के लिए IGMC शिमला दाखिल करवाया गया है। दोनों आग में झुलस गए हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, घटना बीते कल दोपहर को पेश आई है। घटना के वक्त एक व्यक्ति लाइट ऑन कर रहा था। इसी दौरान वहां सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। बिस्फोट होते ही आग पूरे घर में फैल गई। हादसे में घर में मौजूद दो लोग आग में झुलस गए और गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को उपचार के लिए महात्मा गांधी सेवी चिकित्सा परिसर खनेरी पहुंचाया। जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद दोनों घायलों को IGMC शिमला रेफर कर दिया।
उधर, हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गैस सिलेंडर के धमाके से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। पंचायत की ओर से मकान मालिक को कुछ राहत राशि दे दी गई है। अभी ये पता नहीं चल पाया है कि गैस सिलेंडर में धमाका किस कारण हुआ है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि घर की लाइट बंद थी- दीवान ने जैसे ही लाइट ऑन की वैसे ही रसोई में रखे गैस सिलेंडर में धमाका हो गया।