#हादसा
March 6, 2026
हिमाचल : एक चिंगारी ने बेघर किए 4 परिवार, पेंटर का उजड़ा संसार- छोटे भाई की शादी का पैसा राख
लोगों को नहीं मिला संभलने का मौका- सब कुछ राख
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। ईदगाह कॉलोनी में आग ने ऐसा तांडव मचाया कि एक साथ चार घर जलकर राख हो गए। आगजनी की इस घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
बताया जा रहा है कि आगजनी की इस घटना में एक पेंटर को भी काफी नुकसान हुआ है। उसने अपने छोटे भाई की शादी के लिए पैसे जोड़कर रखे थे। आग लगने के कारण घर में रखी वह नकदी भी जलकर राख हो गई।
इतना ही नहीं घर में रखे आधार कार्ड, पैन कार्ड और बैंक से जुड़े कई जरूरी दस्तावेज भी आग में नष्ट हो गए। अब हालात ऐसे हैं कि परिवार के पास केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने उस समय पहन रखे थे।
लोगों ने बताया कि मस्जिद से सटी एक कच्ची इमारत में अचानक आग भड़क उठी। कुछ ही मिनटों में लपटें इतनी तेज हो गईं कि आसपास के घरों में रहने वाले लोग घबराकर बाहर निकल आए। देखते ही देखते आग ने एक के बाद एक कई मकानों को अपनी चपेट में ले लिया और चार परिवारों की मेहनत से बनाई गृहस्थी राख में बदल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में लोगों ने घर से धुआं निकलते देखा। जब तक कोई कुछ समझ पाता, आग तेजी से फैलने लगी। कॉलोनी के लोगों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए बाल्टियों और पाइपों की मदद से आग बुझाने की कोशिश की और साथ ही दमकल विभाग को सूचना दी। थोड़ी ही देर में फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं।
दमकल विभाग की गाड़ियां माल रोड, प्रगतिनगर और छोटा शिमला केंद्रों से भेजी गईं। तंग गलियों और ढलान वाले इलाके के कारण वाहनों को मुख्य सड़क पर ही रोकना पड़ा। इसके बाद दमकल कर्मियों ने लंबी पाइप लाइन बिछाकर आग पर काबू पाने का अभियान शुरू किया।

स्थानीय लोगों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे आसपास के कई घर बड़ी तबाही से बच गए। इस हादसे में हफीज, शाजमल, रसीदा देवी और नवाजो के मकान आग की चपेट में आकर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
घरों में रखा फर्नीचर, बिस्तर, रसोई का सामान, जरूरी दस्तावेज और नकदी सब कुछ जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार करीब तीन लाख रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है, जबकि दमकल कर्मियों की तत्परता से आसपास की लगभग 80 लाख रुपये की संपत्ति को बचा लिया गया।
हफीज ने बताया कि वह पेशे से पेंटर हैं और लंबे समय से अपने छोटे भाई की शादी के लिए पैसे जोड़ रहे थे। आग लगने के कारण घर में रखी नकदी के साथ-साथ अन्य सारा सामान जलकर राख हो गई। इ। अब हालात ऐसे हैं कि परिवार के पास केवल वही कपड़े बचे हैं जो उन्होंने उस समय पहन रखे थे।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह इलाका शहर के ठंडे क्षेत्रों में गिना जाता है, जहां अभी भी शाम के समय लोग गर्मी के लिए आग जलाकर बैठते हैं। आशंका जताई जा रही है कि किसी ने आग सेंकने के बाद अंगारों को ठीक से बुझाया नहीं होगा और वहीं से आग धीरे-धीरे आसपास के घरों तक फैल गई होगी।
वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि शॉर्ट सर्किट भी आग लगने की वजह हो सकता है। फिलहाल दमकल विभाग और स्थानीय प्रशासन आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : ढाबे में खाना खाते वक्त शख्स के गले में फंसी हड्डी, बिगड़ी हालत- चंद मिनटों में हुई मौ.त
हादसे के बाद पीड़ित परिवारों ने जिला प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। उनका कहना है कि आग ने उनकी पूरी गृहस्थी छीन ली है और अब उनके सामने दोबारा जीवन शुरू करने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द राहत और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।