#हादसा

July 29, 2025

हिमाचल : एक झटके में उजड़ा परिवार, बेटी की आंखों के सामने मलबे में बहे पिता-भाई और ताई

ऑटो को बचाने की कोशिश कर रहा था परिवार

शेयर करें:

Mandi Cloud Burst

मंडी। हिमाचल में मंडी जिले में इस बार बरसात कहर बनकर आई है। इस सीजन में मंडी में बारिश, बाढ़, बादल फटने, फ्लैश फ्लड आदि जैसी घटनाओं से बहुत तबाही हुई है। अब आज सुबह एक बार फिर दिल दहला देने वाली त्रासदी सामने आई, जिसने पूरे शहर को गमगीन कर दिया।

एक परिवार के 3 लोगों की मौत

मंडी शहर के जेल रोड स्थित एक घर में आई अचानक फ्लैश फ्लड ने एक ही परिवार के तीन लोगों की जान ले ली। जैसे ही मौत की खबर बेटी तक पहुंची, वह जोर-जोर से चिल्ला उठी-“मेरे पापा मर गए…”।

यह भी पढ़ें : सुक्खू कैबिनेट की बैठक शुरू : नदी-नालों के पास भवन ना बनाने के फैसले पर लग सकती है मुहर

गहरे सदमे में बेटी

उसकी चीखें सुनकर आसपास मौजूद हर व्यक्ति सन्न रह गया। आंखों के सामने माता, पिता और भाई को खोने का दर्द उसकी चीखों में साफ महसूस हो रहा था। गहरे सदमे से बेटी बेसुध होकर गिर पड़ी, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती करवाया गया। परिवार के बड़े सदस्य दर्शन सिंह, जो हादसे में घायल हुए हैं, उनका इलाज मंडी के क्षेत्रीय अस्पताल में चल रहा है।

ऑटो बचाने निकला परिवार

घटना सुबह करीब 4 बजे की है, जब शहर में अचानक तेज बारिश के बाद फ्लैश फ्लड आ गया। जेल रोड पर रहने वाले बलबीर सिंह, जो पेशे से ऑटो चालक थे, अपने ऑटो को तेज बहाव से बचाने के प्रयास में अपने पूरे परिवार समेत बाहर निकल आए।

यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर में खोल रखी थी नशे की दुकान, पुलिस ने चिट्टे और कैश समेत अरेस्ट किए दो यार

रस्सी लेने भेजी बेटी

बलबीर की बेटी को रस्सी लाने भेजा गया ताकि ऑटो को बांधा जा सके, लेकिन इसी दौरान पानी का बहाव इतना तेज हो गया कि बलबीर सिंह, उनकी भाभी सपना देवी और भतीजा अमनप्रीत सिंह उर्फ सनी पानी की चपेट में आ गए। तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।

मिट्टी खोदकर बचाई जान

घायल दर्शन सिंह ने बताया कि पानी का दबाव इतना जबरदस्त था कि वह उसे बहाकर एक शटर के अंदर ले गया। वह मिट्टी में दब गया था, लेकिन किसी तरह अपने हाथों से खुदाई कर बाहर निकलकर जान बचा पाया।

यह भी पढ़ें : हिमाचल से माता रानी के दर्शन कर लौट रहे 8 श्रद्धालुओं ने गंवाया जीवन, नहर में पिकअप गिरने से 3 लापता

इस दर्दनाक हादसे के बाद पैलेस कॉलोनी के पार्षद हरदीप सिंह और प्रशासन मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि मृतक बलबीर सिंह मेहनतकश इंसान थे और ऑटो चलाकर अपने परिवार का पेट पालते थे। यह हादसा तब हुआ जब वह अपनी रोजी-रोटी को बचाने की कोशिश कर रहे थे।

नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर मौके पर

पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की और सांत्वना दी। डीसी मंडी अरिंदम चौधरी ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि तीन मौतों के बाद राहत कार्य तेज कर दिए गए हैं और पीड़ित परिवारों के लिए विपासा सदन में राहत शिविर स्थापित किया गया है। यह हादसा न सिर्फ मंडी बल्कि पूरे हिमाचल के लिए एक चेतावनी है कि बदलते मौसम और जलवायु के इस दौर में हर एक पल सतर्क रहना जरूरी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख