#हादसा
August 29, 2025
हिमाचल: 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी कार, पूर्व सैनिक की मौके पर ही थम गई सांसें
मर्चेंट नेवी में दे रहे थे सवाएं, छुट्टी पर आए थे घर
शेयर करें:

नाहन। हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक पूर्व सैनिक की मौत हो गई है। यह हादसा सिरमौर जनपद के हरिपुरधार क्षेत्र में गुरुवार देर शाम को हुआ है। दुर्घटना में पूर्व सैनिक चंद्रपाल (48) की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सैल (दुर्गवाड़ी) गांव के पास उस वक्त हुआ जब वह अपनी कार में घर लौट रहे थे। क्षेत्र में हो रही लगातार भारी बारिश के बीच उनकी गाड़ी सड़क से फिसलकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसा इतना भयावह था कि चंद्रपाल ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को कड़ी मशक्कत के बाद खाई से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस ने दुर्घटना की पुष्टि करते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों में बारिश के चलते सड़कों की खराब स्थिति और फिसलन को अहम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल :सदन के दवाब की वजह से ग्राउंड जीरो पर मंत्री, DC vs वकील विवाद पर भी बोले MLA
मृतक चंद्रपाल भारतीय सेना के पूर्व सैनिक थे और सेवानिवृत्ति के बाद मर्चेंट नेवी में अपनी सेवाएं दे रहे थे। उनके परिवार और परिचितों के अनुसार, चंद्रपाल एक मेहनती, अनुशासित और कर्तव्यनिष्ठ व्यक्ति थे, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन देश और समाज की सेवा में समर्पित कर दिया था। उनका यूं अचानक इस दुनिया से चले जाना हर किसी को स्तब्ध कर गया है।
इस असमय हादसे ने उनके परिवार पर जैसे दुखों का पहाड़ ही तोड़ दिया है। घर में चंद्रपाल ही मुख्य कमाऊ सदस्य थे, और उनके अचानक चले जाने से परिवार की आर्थिक और मानसिक स्थिति डगमगा गई है। पत्नी, बच्चे और बुजुर्ग माता-पिता सदमे में हैं। गांवभर में मातम पसरा हुआ है और हर आंख नम है।
यह भी पढ़ें : तेज रफ्तार ने बुझा दिए दो घरों के चिराग, बेसहारा बैल से टकराई बाइक
हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों की तरह सिरमौर क्षेत्र भी इन दिनों भारी बारिश की चपेट में है। सड़कों पर जगह-जगह लैंडस्लाइड और फिसलन की वजह से सफर करना जोखिम भरा हो गया है। इस घटना ने फिर से सवाल खड़े कर दिए हैं कि दुर्गम इलाकों में यातायात सुरक्षा के लिए क्या पर्याप्त कदम उठाए जा रहे हैं?
एसडीएम सुनील कुमार कायथ ने पीड़ित परिवार को तत्काल राहत के रूप में 20,000 रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि सरकारी स्तर पर आवश्यक मदद प्रदान की जाएगी और पीड़ित परिवार को किसी तरह की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।