#हादसा

January 22, 2026

हिमाचल में ड्राइवर की लापरवाही से एक और हाद.सा- ढलान में बस खड़ी कर खुद उतरा, 20 थे सवार

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा, सभी को निकाला बाहर

शेयर करें:

samot bus accident

चंबा। हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर एक पल की चूक और कई जिंदगियां खतरे में पड़ जाती हैं। गुरुवार सुबह चंबा जिले के भटियात क्षेत्र में ऐसा ही एक पल आया, जब एक निजी बस अचानक खुद ही ढलान पर सरकती हुई खाई की ओर बढ़ गई। कुछ ही सेकंड में हालात ऐसे बने कि बस में बैठे यात्रियों को लगा अब बचना मुश्किल है। लेकिन किस्मत और लोगों की फुर्ती ने इस बार बड़े हादसे को मात दे दी।

निजी बस खाई में गिरी

हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत समोट कस्बे में गुरुवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। समोट–ददरियाड़ा रूट पर चलने वाली एक निजी बस सुबह करीब 9 बजे अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। बस में करीब 20 यात्री सवार थे। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ, हालांकि कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं।

यह भी पढ़ें : पंचायत चुनाव पर फिर घमासान : आयोग मांग रहा वोटर लिस्ट, लेट-लतीफी कर रही सुक्खू सरकार!

टैक्सी स्टैंड के पास खड़ी थी बस

जानकारी के अनुसार निजी बस समोट कस्बे के टैक्सी स्टैंड के समीप चौक पर खड़ी थी। बताया जा रहा है कि बस दूसरी बस की सवारियों का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान चालक बस की सीट पर मौजूद नहीं था।

अचानक न्यूट्रल हुई बस, ढलान पर खुद सरक गई

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक बस न्यूट्रल हो गई और ढलान होने के कारण अपने आप आगे सरकने लगी। उस समय बस में करीब एक दर्जन यात्री मौजूद थे। जैसे ही बस आगे बढ़ी, यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। बस सड़क पर करीब 30 से 40 मीटर तक सीधी सरकती चली गई और फिर प्राकृतिक जल स्रोत के पास खाई में जा गिरी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : सुबह-सवेरे खाई में समाई बस, बच्चों-महिलाओं की चीखों से दहला इलाका

स्थानीय लोगों ने संभाला मोर्चा

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल पर मौजूद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। लोग खाई में उतरे और बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। घबराए हुए और हल्की चोट महसूस कर रहे कुछ यात्रियों को एहतियातन अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।

पुलिस जांच में जुटी, एसपी ने की पुष्टि

सूचना मिलते ही पुलिस टीम और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक चंबा विजय सकलानी ने बताया कि बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतर गई थी। हादसे में किसी तरह का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में कल से बारिश-बर्फबारी शुरू : अलर्ट पर 9 जिले, आंधी-तूफान के साथ बरसेंगे बादल

पहले तीन बड़े बस हादसे हिला चुके हैं हिमाचल

चंबा का यह हादसा हिमाचल में हालिया चौथा बस हादसा है। इससे पहले सिरमौर जिले में जीत कोच के पास एक बस खाई में गिर गई थी, जिसमें 14 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी।

  • इसके बाद सरकाघाट में एचआरटीसी की बस हादसे का शिकार हुई थी, हालांकि उस घटना में कोई जानमाल का नुकसान नहीं हुआ था।
  • तीसरा हादसा मंडी जिले के चेतनकोट क्षेत्र में हुआ था, जहां एक बस खाई में गिरने से एक महिला की मौत हो गई थी।
  • लगातार हो रहे इन हादसों ने पहाड़ी सड़कों पर सफर को लेकर आम लोगों की चिंता और डर दोनों बढ़ा दिए हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

Related Tags:
ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख