#हादसा
March 11, 2025
हिमाचल : चलती कार का फटा टायर, दीवार से हुई जोरदार टक्कर; मची चीख-पुकार
पांच घायल, महिला की हालत नाजुक- PGI रेफर
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में एक कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। उपमंडल अंब के नैहरियां में चलती कार का टायर फट गया है। हादसे में कार की दीवार से जोरदार टक्कर हो गई है। हादसे के वक्त कार में बच्चे और महिलाओं समेत कुल 6 लोग सवार थे।
गाड़ी के दीवार से टकराते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई है। कार में सवार सभी लोग एक ही परिवार से संबंध रखते हैं। कार में दो पुरुष, एक बच्चा और तीन महिलाएं सवार थीं।
इस हादसे में बच्चे समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं- जिनमें से एक महिला की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उपचार के लिए PGI रेफर किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, कांगड़ा के अप्पर लंबागांव का एक परिवार जयसिंहपुर में बाबा बड़भाग सिंह मैड़ी से माथा टेकने के बाद घर वापस जा रहे थे। इसी दौरान नैहिरयां में पेट्रोल पंप के पास चलती कार का टायर अचानक फट गया। जिसके कारण कार चालक का कार पर से संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे बने एक घर की दीवार के साथ टकरा गई।
इस हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। जबकि, उसमें सवार 6 लोगों में से पांच गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों द्वारा हादसे के बारे में पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को क्षतिग्रस्त वाहन से बाहर निकाला और तुरंत उपचार के लिए स्थानीय नागरिक अस्पताल अंब पहुंचाया। जहां पर मौजूद डॉक्टरों ने एक महिला को प्राथमिक उपचार देने के बाद PGI रेफर कर दिया। घायल महिला की हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें : जयराम सरकार ने बिगाड़ी हिमाचल की आर्थिक स्थिति, सीएम सुक्खू ने साधा निशाना
हादसे में एक व्यक्ति की मां, पत्नी, बेटा, भाई और वो खुद घायल हुआ है। घायल की पहचान-
मामले की पुष्टि करते हुए DSP अंब बसूधा सूद ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों के बयान भी कलमबद्ध कर लिए है। साथ ही मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।