#हादसा
November 13, 2025
हिमाचल : खंभे से तेज रफ्तार कार की टक्कर, चार दोस्त थे सवार- बेटों की हालत देख सहमे परिजन
कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तारी ने छीनी जिंदगी
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। यहां जसूर-तलवाड़ा रोड पर मठोली में एक कार सड़क हादसे का शिकार हो गई है। हादसे के वक्त कार में चार युवक सवार थे।
हादसे में कार चला रहे युवक की मौके पर ही मौत हो गई है। जबकि, कार सवार तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। इस हादसे में कार के परखच्चे उड़ गए हैं। हादसे ने पूरे इलाके के लोगों को हिला कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते कल देर रात पेश आया है। बताया जा रहा है कि स्विफ्ट कार जसूर की ओर जा रही थी। इसी दौरान कार चालक ने कार पर संतुलन खो दिया और कार अनियंत्रित होकर खंभे से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और कार चला रहे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, कार में सवार उसके तीन अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा तुरंत इस बाबत पुलिस को सूचित किया गया।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही सभी घायलों को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को भी सूचित कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
मृतक की पहचान 28 वर्षीय विवेक चौधरी के रूप में हुई है- जो कि जगीर, फतेहपुर, कांगड़ा का रहने वाला है। शुरुआती जांच में पाया गया है कि तेज रफ्तारी और लापरवाही के कारण कार बेकाबू हो गई थी। लोगों का कहना है कि अगर गाड़ी की रफ्तार ज्यादा ना होती तो ये हादसा पेश नहीं आता।
हादसे में घायल हुए युवक भी फतेहपुर के रहने वाले हैं। इनमें से दो युवक एक ही गांव के रहने वाले हैं। तीनों घायलों में से एक का इलाज टांडा अस्पताल में चल रहा है। जबकि, दो अन्य को उनके परिजन उपचार के लिए पठानकोट के एक निजी अस्पताल में ले गए हैं। घायलों की पहचान-
मामले की पुष्टि करते हुए DSP नूरपुर, चंद्रपाल सिंह ने कहा कि शुरुआती जांच में पाया गया है कि हादसा कार चालक की लापरवाही और तेज रफ्तारी के कारण पेश आया है। मगर अभी हादसे के असली कारणों की जांच की जा रही है। तीनों घायल अस्पताल में उपचाराधीन हैं। उनकी हालत स्थिर होने के बाद उनके बयान कलमबद्ध किए जाएंगे। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सुपुर्द कर दिया जाएगा।