#अपराध
November 13, 2025
हिमाचल : किराएदार के कमरे से मिला चरस से भरा बैग, मालिक मकान के उड़े होश
18 साल का लड़का चरस की खेप के साथ गिरफ्तार
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में नशे का फैलता जाल चिंता का विषय बनता जा रहा है। खासकर तब जब युवा वर्ग और महिलाएं भी इस कारोबार में संलिप्त पाए जा रहे हैं। हालांकि, प्रदेश सरकार और पुलिस प्रशासन द्वारा नशा मुक्त हिमाचल का संकल्प लेते हुए लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिसके तहत आए दिन प्रदेश पुलिस द्वारा कई नशा तस्करों को गिरफ्तार किया जा रहा है।
इसी कड़ी में ताजा मामला सोलन जिले से सामने आया है- जहां पर पुलिस टीम ने एक लड़के को चरस की खेप के साथ गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात ये है कि पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की उम्र महज 18 साल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक को लेकर बीते कल परवाणू पुलिस टीम को गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस को बताया गया कि पंचायत घर टकसाल के पास एक युवक चरस का धंधा करता है। सूचना देने वाले व्यक्ति ने बताया कि युवक यहां का नहीं है- वो यहां पर किराए के कमरे में रहता है।
इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम टीम ने एक टीम संगठित की और मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर युवक के पसीने छूट गए। युवक ने तुरंत भागकर कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। घर पर पुलिस को देखकर मालिक मकान और आस-पड़ोस में हड़कंप मच गया।
पुलिस टीम ने किसी तरह कमरे का दरवाजा खोला और फिर तलाशी शुरू की। तलाशी के दौरान पुलिस टीम को युवक के कमरे में से एक प्लास्टिक का बैग मिला। इस बैग को युवक ने एक कोने में छिपाया हुआ था।
बैग खोलते ही मौके पर मौजूद मालिक मकान के होश उड़ गए। युवक ने बैग में भारी मात्रा में चरस छिपाई हुई थी- जो कि वजन करने पर 238 ग्राम पाई गई। इसके बाद पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए खेप को अपने कब्जे में ले लिया और आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी की पहचान 18 वर्षीय जय पुत्र लायक राम के रूप में हुई है- जो कि कुंडी गांव, शिमला का रहने वाला है। स्थानीय लोगों का कहना है कि युवक को देखकर कभी ऐसा प्रतीत ही नहीं हुआ कि वो ऐसा कोई कारोबार करता होगा।
पुलिस की इस कार्रवाई के बाद पूर इलाके में हड़कंप मचा हुआ है। इलाके में कई लोगों ने किराएदार रखे हुए हैं। ऐसे में लोगों के मन में कई तरह की शंका पैदा हो रही है कि कहीं उनके घर में भी कोई नशा तस्कर तो छिपकर नहीं बैठा है।
मामले की पुष्टि करते हुए SPसोलन गौरव सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और उसके पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि इस तरह की अवैध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। इस गिरफ्तारी से इलाके में नशा तस्करी पर लगाम लगाने की पुलिस की कार्रवाई का संदेश मिला है।