#हादसा
October 7, 2025
हिमाचल : करवाचौथ पर घर आ रहा था फौजी, कार की हो गई टक्कर- मासूमों से छिन गया पिता
गाड़ी में फौजी के दो अन्य साथी भी थे सवार
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले से बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां खारसी ग्राम पंचायत के एक 26 वर्षीय फौजी बेटे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई है। दुखद बात यह है कि फौजी करवाचौथ पर्व के लिए ड्यूटी से छुट्टी लेकर घर आ रहा था।
फौजी अपने दो अन्य साथियों के साथ कार में आ रहा था। इस हादसे में दो की मौत हो गई है, जबकि, एक गंभीर रूप से घायल है। इस हादसे ने परिवार को झकझोर कर रख दिया है। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
बताया जा रहा है कि फौजी अपने माता-पिता का इकलौता सहारा था। इकलौते बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रो कर बुरा हाल है। माता-पिता बेटे के घर आने के खबर से बेहद खुश थे और उसके आने की राह देख रहे थे। मगर किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
परिजनों ने बताया कि फौजी शादीशुदा था। उसके दो छोटे-छोटे बच्चे हैं। फौजी का बड़ा बेटा 3 साल का है और छोटी बेटी महज 8 महीने की है। फौजी की मौत की खबर सुनने के बाद उसकी पत्नी बेसुध हो गई। इस हादसे ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है।
परिजनों ने बताया कि उनका बेटा ढमेश्वर दत्त करवाचौथ के लिए घर आ रहा था। शनिवार शाम को श्री चमकौर साहिब रूपनगर लुधियान रोड पर सामने आ रही एक गाड़ी के साथ उसकी कार की जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे के वक्त ढमेश्वर के साथ उसके दो और साथी सवार थे। इस हादसे में ढमेश्वर और उसके एक साथ की मौत हो गई है। जबकि, तीसरे साथी की हालत भी गंभीर बनी हुई है। हादसे में गाड़ी के परखच्चे उड़ गए हैं।
सैन्य सम्मान से होगा अंतिम संस्कार
आज ढमेश्वर के पैतृक गांव में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। ढमेश्वर की अंतिम यात्रा में सैकड़ों लोग शामिल होंगे और वीर जवान को नम आंखों से अंतिम विदाई देंगे। ढमेश्वर की असमय मौत के बाद पूरे गांव स्तब्ध है। परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है।