#हादसा
June 13, 2026
हिमाचल: कार ने रौंदी मां और ढ़ाई साल की बेटी, भागते चालक के सामने खड़ा हो गया 12 साल का बेटा
12 साल के बेटे ने दिखाई अद्भुत बहादुरी सीना तान कार के सामने हो गया खड़ा
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले से एक सनसनीखेज और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक कार चालक की कथित लापरवाही एक मां और उसकी ढाई साल की मासूम बेटी पर भारी पड़ गई। सड़क किनारे पैदल चल रही महिला को गोद में बेटी समेत तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मां बेटी दूर जाकर गिरी और गंभीर रूप से घायल हो गईं।
वहीं घटना के बाद जो हुआ उसने हर किसी को हैरान कर दिया। जब आरोपी चालक मौके से कार लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, तभी घायल महिला का 12 वर्षीय बेटा अपनी जान की परवाह किए बिना कार के सामने सीना तानकर खड़ा हो गया। बच्चे की बहादुरी देखकर आसपास के लोग भी आगे आए और आखिरकार चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
जानकारी के अनुसार यह हादसा चैतडू-ढगवार मुख्य मार्ग पर स्थित मनेड़ क्षेत्र के बगली गांव के समीप हुआ। शनिवार सुबह महिला अपने घर से निकली थी और सड़क किनारे पैदल जा रही थी। उसकी गोद में उसकी ढाई साल की बेटी भी थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने नियंत्रण खोते हुए महिला को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महिला और बच्ची दोनों सड़क पर दूर जाकर गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल के छोटे से गांव से निकला राजेंद्र सेना में बना अधिकारी, मां-बाप का सपना पूरा कर रचा इतिहास
घटना के तुरंत बाद आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। सड़क पर घायल अवस्था में पड़ी मां-बेटी दर्द से कराह रही थीं। स्थानीय लोग तुरंत उनकी मदद के लिए दौड़े और दोनों को प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई और हर कोई हादसे की भयावहता देखकर स्तब्ध रह गया।
इस पूरे घटनाक्रम में सबसे ज्यादा चर्चा घायल महिला के 12 वर्षीय बेटे की हो रही है। बताया जा रहा है कि जैसे ही कार चालक हादसे के बाद मौके से भागने लगा, बच्चे ने असाधारण साहस का परिचय दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बच्चा दौड़कर सीधे कार के सामने जा खड़ा हुआ और चालक को आगे बढ़ने नहीं दिया। उसकी बहादुरी और सूझबूझ को देखकर स्थानीय लोग भी तुरंत सक्रिय हो गए। ग्रामीणों ने कार को चारों ओर से घेर लिया और चालक को वहां से भागने नहीं दिया। कुछ ही देर में आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार की बड़ी सौगात: पैरा फिटर- पंप ऑपरेटरों की वर्षों पुरानी मांग पूरी; अब बनेंगे जॉब ट्रेनी
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि बच्चा हिम्मत नहीं दिखाता तो संभव है कि चालक मौके से फरार हो जाता। बच्चे के साहस ने न केवल आरोपी को भागने से रोका बल्कि पुलिस कार्रवाई का रास्ता भी आसान बना दिया। ग्रामीणों ने एकजुट होकर आरोपी चालक को रोके रखा और पुलिस के पहुंचने तक उसे अपने कब्जे में रखा।
हादसे में घायल महिला और उसकी ढाई वर्षीय बेटी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। दोनों को गंभीर चोटें आई हैं और चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज जारी है। परिवार और स्थानीय लोग दोनों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
यह भी पढ़े : हिमाचल की बेटी ने रचा इतिहास: एयरफोर्स में बनी फ्लाइंग ऑफिसर; अब आसमान में उड़ाएंगी फाइटर जेट
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। आरोपी चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।