#हादसा
July 1, 2025
हिमाचल: मां की आंखों के सामने कार चालक ने कुचल दी 7 साल की बेटी, पसरा मातम
अस्पताल पहुंचने से पहले ही बच्ची के निकल गए प्राण
शेयर करें:

कुल्लू। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं। इन सड़क हादसों में कई लोगों की मौत हो रही है। ऐसा ही एक दर्दनाक सड़क हादसा हिमाचल के कुल्लू जिला में भी हुआ है। यहां मां की आंखों के सामने ही उसकी सात साल की मासूम बच्ची की कार चालक ने कुचल दिया। मां बेटी दोनों सड़क किनारे खड़ी थी। इसी बीच एक कार चालक ने बच्ची को टक्कर मार दी। जिससे बच्ची की मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा बीते रोज सोमवार शाम के समय कुल्लू जिला की पर्यटन नगरी मनाली के वामतट मार्ग पर हुआ है। मृतक बच्ची सात साल की बताई जा रही है। यह हादसा तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही से हुआ बताया जा रहा है। इस हादसे से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें : घर पर चल रही थी HRTC कर्मी के रिटायरमेंट पार्टी की तैयारी, कफन में लिपटकर पहुंची देह- परिवार बेसुध
पुलिस को दिए बयान में अनिता शर्मा पत्नी बालकृष्ण पुरोहित निवासी गांव गोजरा डाकघर खखनाल तहसील मनाली ने बताय कि वह सोमवार को दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे गोजरा में सड़क किनारे खड़ी थी। उनके साथ रिंपू शर्मा और उनकी बेटी सांची शर्मा भी वही पर मौजूद थी। इसी दौरान एक गाड़ी (एचपी 58A 6490) मनाी की तरफ से आई और उसने सांची शर्मा को जोरदार टक्कर मार दी।
कार की टक्कर से सांची सड़क पर गिर गई और उसके सिर पर गंभीर चोटें आई। वहीं उसके नाक से भी खून बहने लगा। घायल बच्ची को तुंरत ही गाड़ी में बैठार मिशन अस्पताल मनाली पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अनिता शर्मा ने बताया कि यह हादसा कार चालक की तेज रफ्तारी और लापरवाही के चलते हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंच कर आगामी जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था। आज मंगलवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज लिया है।
कार चालक की पहचान सत्यावन डेबिड बैनन के रूप में हुई है। वह रेजॉर्ट न्यू होप ऑर्चर्ड मनाली का निवासी है। डीएसपी मनाली केडी शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेजा है। पुलिस ने लापरवाही से वाहन चलाने का मामला दर्ज कर लिया है।