#हादसा
December 3, 2025
हिमाचल : दोस्तों संग घूमने निकला था एयरफोर्स जवान, घर लौटी देह- बूढ़ी मां और पत्नी बेसुध
पैराग्लाइडिंग साइट के पास गहरी खाई में गिरी कार
शेयर करें:

कांगड़ा। हिमाचल की प्रसिद्ध पैराग्लाइडिंग साइट पर हुए कार हादसे ने एक परिवार को झकझोर कर रख दिया है। हादसे में एक तीन साल की बच्ची ने अपने पिता को खो दिया है। कल नवीन कुमार का सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। नवीन के छोटे भाई ने उन्हें मुखाग्नि दी।
36 वर्षीय नवीन बरेली में एयरफोर्स में सर्जेंट के पद पर तैनात थे। दुखद बात ये है कि बीते कल ही उनकी छुट्टी खत्म हो रही थी। पिछले कई दिनों से वो घर पर थे और परिवार के साथ समय बीता रहे थे। मगर किसी को क्या पता था कि इसके बाद नवीन सबसे दूर चले जाएंगे।
परिजनों ने बताया कि कल नवीन ने वापस ड्यूटी के लिए निकलना था और कल ही उनका अंतिम संस्कार किया गया। नवीन के साथ अचानक हुए हादसे ने परिवार के साथ-साथ उसके दोस्तों व पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है।
बताया जा रहा है कि नवीन के पिता का बहुत पहले का देहांत हो चुका है। नवीन के घर पर उनकी मां, भाई, पत्नी और तीन साल की छोटी बेटी है। नवीन की मां आंगनबाड़ी सहायिका के पद पर तैनात हैं। नवीन के पिता की मौत के बाद मां ने ही कड़ी मेहनत से अपने दोनों बेटों को पढ़ाया लिखाया।
नवीन के एयरफोर्स में भर्ती होने से मां बहुत खुश थी। नवीन का छोटा भाई जम्मू में म्यूजिक टीचर है। जबकि, नवीन की पत्नी गृहिणी हैं। नवीन की मौत के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उनकी पत्नी और मां का रो-रो कर बुरा हाल है।
बीते 1 दिसंबर की रात को चार युवक कार में सवार होकर पैराग्लाइडिंग टेक-ऑफ साइट के नजदीक घूमने गए थे। इसी दौरान अचानक वाहन ने संतुलन खो दिया और सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे के बाद दो परिवारों में मातम पसर गया है। हादसे ने एक शादी वाला घर की सारी खुशियां छीन ली हैं।
खाई की गहराई अधिक होने के कारण दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि, अन्य दो युवक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। दुर्घटना में जान गंवाने वाले और घायल हुए युवक गगरेट, ऐहजू, भवारना और पंचरुखी क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस द्वारा अभी औपचारिक पहचान की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
हादसे में घायल हुए अक्षय नाम के युवक ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। थोड़ी ही देर में पुलिस, होमगार्ड और स्थानीय रेस्क्यू टीमें मौके पर पहुंचीं। अंधेरा होने और रास्ता खतरनाक होने के कारण राहत कार्य बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद घायल युवकों को खाई से बाहर निकाला गया और तुरंत नजदीकी अस्पताल भेजा गया। डॉक्टरों ने दोनों की हालत गंभीर बताई है।
बताया जा रहा है कि नवीन इंडियन एयरफोर्स में बतौर सार्जेंट अपनी सेवाएं दे रहा था। इन दिनों वो छुट्टी पर घर आया हुआ था। वहीं, राजीव ठाकुर के घर पर उसकी शादी की तैयारियां चल रही थी। परिजनों ने बताया कि अगले महीने राजीव की शादी होनी थी। मगर इस हादसे ने सब खत्म कर दिया। जिस घर से बेटे की बारात निकलनी थी- वहीं से अब बेटे की अर्थी निकली।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जानकारी में वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। मौके की परिस्थितियों, सड़क की स्थिति और वाहन की तकनीकी जांच की जा रही है। रात का समय, ढलानदार सड़क और तेज मोड़ भी हादसे को बढ़ा सकते हैं- इसे लेकर भी पुलिस तथ्य जुटा रही है।