#हादसा
March 5, 2026
हिमाचल: गहरी खाई में गिरी कार के उड़े परखच्चे, 32 वर्षीय बैंक कर्मी की मौके पर मौ*त
बैंक कर्मचारी अपने दो अन्य साथियों सहित कर रहा था सफर
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। भटियात विधानसभा क्षेत्र के तहत हाथीधार मार्ग पर मड गांव के समीप एक कार के गहरी खाई में गिर जाने से 32 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे के बाद प्रदेश में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को लेकर चिंता भी बढ़ती जा रही है। मृतक एक बैंक कर्मचारी था।
जानकारी के अनुसार यह दुर्घटना कुंजर महादेव मंदिर के पास हाथीधार मार्ग पर उस समय हुई जब तीन युवक कार में सवार होकर पातका की ओर से हाथीधार की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वाहन मड गांव के पास पहुंचा, चालक का कार से नियंत्रण अचानक बिगड़ गया और वाहन सड़क से फिसलकर गहरी खाई में जा गिरा। खाई इतनी गहरी थी कि उसमें गिरने के बाद कार के परखच्चे उड़ गए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: गहरी खाई में गिरा ट्रैक्टर, 5 लोगों में से दो ने छलांग लगाकर बचाई जा.न; मची चीख-पुकार
हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान अक्षय कुमार (32) पुत्र केहर सिंह निवासी गांव साहला तहसील भटियात के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि अक्षय कुमार कांगड़ा जिले के शाहपुर क्षेत्र के पास रेहलू स्थित ग्रामीण बैंक में कार्यरत था। उसकी अचानक हुई मौत से परिवार और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
इस दुर्घटना में विनोद कुमार पुत्र केहर सिंह निवासी मड और सुशील कुमार पुत्र पृथी सिंह निवासी गोधरा डाकघर साहला गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समोट पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉ राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा कांगड़ा रेफर कर दिया गया।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए और उन्होंने राहत व बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद खाई में गिरे वाहन तक पहुंचकर घायलों और मृतक को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया।
प्रशासन की ओर से मृतक के परिजनों को 25 हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई, जबकि घायलों को 5-5 हजार रुपये की सहायता दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि वाहन के अनियंत्रित होने से यह दुर्घटना हुई।