#हादसा
March 5, 2026
हिमाचल: गहरी खाई में गिरा ट्रैक्टर, 5 लोगों में से दो ने छलांग लगाकर बचाई जा.न; मची चीख-पुकार
दो ने छलांग लगाकर बचाई जान, तीन खाई में गिरे, एक की थम गई सांसें
शेयर करें:

देहरा (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिला से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क से सीधे खाई में जा गिरा। हादसे के समय ट्रैक्टर पर चालक सहित पांच लोग सवार थे। जिसमें एक की मौत हो गई है। वहीं दो लोग घायल हो गए हैं। ट्रैक्टर के खाई में गिरते ही उसमें सवार लोगों की चीखों से पूरा क्षेत्र दहल गया।
मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा कांगड़ा जिला के उपमंडल देहरा के जसवां प्रागपुर में बीती देर शाम को हुआ था। ट्रैक्टर के खाई में गिरने का पता चलते ही स्थानीय लोग घटना स्थल पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। वहीं पुलिस को भी मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जबकि शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है।
बताया जा रहा है कि बीते रोज शाम के करीब छह और सात बजे के आसपास एक ट्रैक्टर पंगलु मार्ग से गुजर रहा था। ट्रैक्टर पर चालक सहित पांच लोग सवार थे। इसी बीच चालक ने अचानक से वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित ट्रैक्टर गहरी खाई में जा गिरा। ट्रैक्टर के खाई में गिरने के दौरान उसमें सवार दो लोगों ने तुरंत छलांग लगा दी, जिससे उनकी जान बच गई। जबकि तीन लोग ट्रैक्टर के साथ ही खाई में जा गिरे। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
हादसे में जान गंवाने वाले शख्स की पहचान प्रदीप कुमार के रूप में हुई है और वह मूल रूप से नेपाल का रहने वाला था। बताया जा रहा है कि प्रदीप कुमार किन्नौर में रहता था और करीब पांच दिन पहले ही रोजगार की तलाश में कांगड़ा के देहरा पहुंचा था। हादसे में घायल हुए दोनों लोग भी नेपाल मूल के बताए जा रहे हैं। यह सभी लोग एक स्थानीय ठेकेदार के पास मजदूरी का काम करते थे।
हादसे की जानकारी देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि आज गुरुवार को शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं घायलों के बयाना दर्ज किए गए हैं। पुलिस ने घटनास्थल का भी जायजा लिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि यह हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ है या फिर चालक की लापरवाही से। पुलिस मामले की आगामी जांच कर रही है।