#हादसा

December 20, 2025

हिमाचल: ब्यास में बहा 18 साल का युवक, बचाने को चिल्लाता रहा; किनारे खड़े रह गए दोस्त

दोस्तों के साथ हिमाचल घूमने आया था युवक, तलाश में जुटी पुलिस

शेयर करें:

Beas river kullu

मनाली। हिमाचल प्रदेश एक पर्यटन राज्य है। यहां की हसीन पर्वतश्रंखलाएं और नदियां जितनी शांत हैं उतनी ही खतरनाक भी। यहां एक छोटी सी गलती कब जान पर भारी पड़ जाए यह कोई नहीं बता सकता। ऐसा ही कुछ हिमाचल पर्यटन नगरी मनाली में हुआ है। यहां दूसरे राज्य से घूमने आए युवकों के साथ ऐसा भयानक हादसा हो गया, कि हसीन वादियों में घूमने का सपना उनके लिए एक सदमें में बदल गया।

ब्यास में डूब गया 18 साल का युवक

दरअसल कुल्लू जिला के मनाली में उत्तर प्रदेश का एक युवक ब्यास नदी की तेज धारा में समा गया है। यह हादसा मनाली के क्लाथ क्षेत्र में हुई है। इस दर्दनाक घटना ने ना सिर्फ युवक के साथ घूमने आए अन्य दोस्तों को सदमें में डाल दिया है। वहीं एक परिवार के लिए उनके जीने का सहारा भी छीन लिया है। 

 

यह भी पढ़ें :धर्मशाला लैंड स्कैम में अब ED की एंट्री: नेता-बिजनेसमैन सब नपेंगे, ब्लैक मनी से जुड़े तार

 

बताया जा रहा है कि उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले का रहने वाला 18 वर्षीय नासिर अपने दोस्तों के साथ कुछ दिन की छुट्टियां बिताने मनाली आया था। पहाड़ों की खूबसूरती और ब्यास नदी के किनारे तस्वीरें लेने के दौरान वह एक पत्थर पर चढ़ गया। इसी दौरान उसका पैर अचानक फिसल गया और वह संतुलन खोकर ब्यास नदी में गिर पड़ा। ब्यास में गिरते ही नदी की तेज धाराओं ने उसे अपने अंदर समा लिया और कुछ ही पलों में युवक आंखों से ओझल हो गया।

खुशियों भरा सफर दर्दनाक हादसे में बदला

इसी बीच उसके दोस्तों ने शोर मचाते हुए उसे बचाने की भरसक कोशिश की, लेकिन नदी का उफान उनकी कोशिशों पर भारी पड़ गया। देखते ही देखते खुशियों से भरा सफर एक दर्दनाक हादसे में तब्दील हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और मनाली पुलिस को भी जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक की तलाश शुरू कर दी है। लेकिन अभी तक उसका कोई सुराग नहीं लगा है। 

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल: बिन मां-बाप पशुओं संग झोंपड़ी में रहने को मजबूर 4 मासूम, अब CM सुक्खू बनेंगे इनका सहारा

दोस्तों के सामने छिन गई जिंदगी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार नासिर नदी में गिरते ही मदद के लिए चिल्लाया, लेकिन पानी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कोई उसे पकड़ नहीं सका। उसके दोस्त बेसुध होकर नदी किनारे खड़े रहे और मदद के लिए गुहार लगाते रहे। कुछ स्थानीय लोगों ने भी बचाव का प्रयास किया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही कुल्लू पुलिस मौके पर पहुंची। 

 

मामले की पुष्टि करते हुए एसपी कुल्लू मदन लाल कौशल ने बताया कि युवक की तलाश के लिए पुलिस और बचाव दल द्वारा सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। नदी के किनारे और संभावित स्थानों पर लगातार खोजबीन की जा रही है, लेकिन समाचार लिखे जाने तक युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया था।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : रिश्तेदार के चिट्टा केस में बोले BJP MLA- पुलिस बदनाम कर रही है

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

युवक नासिर के घरवालों को जैसे ही इस हादसे की सूचना मिली, परिवार में कोहराम मच गया। जिस बेटे को परिवार ने हंसी.खुशी घूमने भेजा था, उसके लौटने की उम्मीद अब एक अनिश्चित इंतजार में बदल गई है। स्थानीय प्रशासन ने परिवार को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है। यह हादसा न केवल एक युवक की जिंदगी छिनने की कहानी है, बल्कि उन सभी पर्यटकों के लिए एक मार्मिक सबक भी है, जो पहाड़ों की खूबसूरती के बीच खतरे को नजरअंदाज कर देते हैं।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख