#हादसा
December 18, 2025
हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: बिजली पोल से टकराया बाइक सवार 20 वर्षीय युवक
तेज रफ्तार बाइक सवार बिजली के खंभे से टकराई, मौके पर ही निकल गए प्राण
शेयर करें:

धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर तेज रफ्तार दोपहिया वाहन ने खुशियों से भरे एक घर को मातम में बदल दिया। सड़क पर कुछ पलों की लापरवाही ने एक परिवार से उसका जवान बेटा छीन लिया। रफ्तार का नशा युवक पर इस कद्र भारी पड़ा कि यह सफर उसके जीवन का अंतिम सफर बन गया। यह हादसा कांगड़ा जिला के धर्मशाला के साथ लगते दाड़ी में हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार बीते रोज बुधवार को दाड़ी में एक तेज रफ्तार बाइक सवार युवक ने बाइक पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित बाइक गली में एक बिजली के खंभे से जा टकराई। हादसा इतना भयानक था, कि युवक ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। बड़ी बात यह है कि युवक के साथ बाइक पर एक और लड़का सवार था, जो गंभीर रूप से घायल हो गया। इस हादसे ने एक परिवार से ना सिर्फ उनका जवान बेटा छीन लिया, बल्कि उन्हें कभी ना भरने वाला गम भी दे दिया। जवान बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर मानों कहर टूट पड़ा हो।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा दाड़ी क्षेत्र में संतोषी माता मंदिर के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बाइक की गति काफी अधिक थी। इसी तेज रफ्तार के कारण चालक बाइक पर नियंत्रण नहीं रख सका और कुछ ही सेकंड में हादसा हो गया। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत मदद की और घायलों को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
इस हादसे में जान गंवाने वाले युवक की पहचान 20 वर्षीय समीर निवासी दाड़ी के रूप में हुई है। समीर की असमय मौत से उसके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वहीं, बाइक पर पीछे सवार 17 वर्षीय समर्थ, निवासी बड़ोल गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसका इलाज अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत पर लगातार नजर रखी जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही धर्मशाला पुलिस थाना की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और वाहन का अनियंत्रित होना सामने आया है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की जांच जारी है। यह हादसा एक बार फिर चेतावनी देता है कि हिमाचल प्रदेश की पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हो सकती है। थोड़ी सी सावधानी और नियमों का पालन न सिर्फ चालक की,बल्कि उसके पूरे परिवार की जिंदगी को सुरक्षित रख सकता है।