#हादसा
February 16, 2025
हिमाचल: रिश्तेदार के घर को निकला युवक खाई में मिला, थम गई थी सांसें
परिजनों को अकेला छोड़ गया 27 साल का जवान बेटा
शेयर करें:

चंबा। हिमाचल प्रदेश में एक तरफ नशे का कारोबार और दूसरी तरफ हादसों का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। प्रदेश में ऐसा कोई दिन नहीं बीत रहा है, जब प्रदेश में कहीं ना कहीं हादसा ना हुआ हो। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के चंबा जिला में हुआ है। यहां एक युवक की खाई में गिरने से मौत हो गई है। इस हादसे में एक हंसते खेलते परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
मिली जानकारी के अनुसार चंबा जिला के साहो क्षेत्र के प्रौथा पंचायत में यह हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि युवक अपने किसी रिश्तेदार के यहां जाने के लिए बीती देर शाम को घर से निकला था। लेकिन युवक अपने रिश्तेदार के यहां नहीं पहुंच पाया। युवक रास्ते में ही खाई में गिर गया और उसकी मौत हो गई। मृतक युवक की पहचान 27 वर्षीय विकास ऊर्फ बाबू पुत्र योगिंद्र गावं किहाल पंचायत साच के रूप में हुई है।
परिजनों के अनुसार विकास देर शाम को प्रौथा में स्थित अपने रिश्तेदार के यहां जा रहा था। इसी बीच रास्ते में अचानक युवक का पैर फिसला और वह गहरी खाई में जा गिरा। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे का खुलासा तब हुआ, जब उसी रास्ते से कुछ लोग गुजर रहे थे। उन्होंने खाई में युवक को पड़े हुए देखा और इसकी सूचना ग्रामीणों को दी।
जिसके बाद पुलिस और युवक के परिजन मौके पर पहुंचे और युवक के शव को खाई से निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहीं मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की पुष्टि करते हुए एसपी चंबा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव आज परिजनों को सौंप दिया है।
मामले की जानकारी देते हुए पंचायत के पूर्व प्रधान पवन कुमार ने बताया कि युवक की मौत से पूरे गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है। परिजन अचानक हुई इस घटना से इतने स्तब्ध हैं कि उन्हें कुछ समझ ही नहीं आ रहा है। परिजनों ने अपने जवान बेटे को खो दिया है।