#हादसा
June 12, 2026
हिमाचल से निकली पर्यटकों की वॉल्वो ट्रक से टकराई, दो लोगों की मौ*त; कई घायल- मची चीख पुकार
हिमाचल घूम कर वापस राजस्थान लौट रहे थे पर्यटक, हरियाणा में हो गया भीषण हादसा
शेयर करें:

मनाली/महेंद्रगढ़। हिमाचल प्रदेश की हसीन वादियों में घुमने के बाद वापस अपने राज्य लौट रहे पर्यटकों से भरी एक वॉल्वो बस हरियाणा में भीषण हादसे का शिकार हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि देखने वालों की रूह कांप गई। बस सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से टकरा गई। ट्रक में लोहे के एंगल भरे थे, जिन्होंने बस के अगले हिस्से को बुरी तरह से चीर डाला और कई फीट तक यह एंगल बस के अंदर घुस गए। इस हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 16 से अधिक पर्यटक घायल हुए हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई।
मिली जानकाी के अनुसार यह हादसा आज शुक्रवार सुबह हरियाणा के महेंद्रगढ़ जिला में नेशनल हाईवे.152डी पर बुचावास कट के पास हुआ। बस में सवार पर्यटक हिमाचल के मनाली घूमने आए थे, और वापस लौट रहे थे। बस में 40 के करीब पर्यटक सवार थे। जिसमें अधिकांश यात्री राजस्थान के विभिन्न क्षेत्रों के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
जैसे ही बस बुचावास कट के पास पहुंचीए वह सड़क किनारे खड़े एक ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास का इलाका धमाके जैसी आवाज से गूंज उठा। बस में सो रहे यात्रियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला और कुछ ही क्षणों में पूरे वाहन में चीख.पुकार मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला : मिड-डे मील में नहीं होगा भेदभाव- रोल नंबर अनुसार बैठेंगे बच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक में भारी मात्रा में लोहे के एंगल लदे हुए थे। बस के ट्रक से टकराते ही ये एंगल बस के अगले हिस्से में घुस गए और चालक केबिन को पूरी तरह तबाह कर दिया। बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ लोहे के एंगल कई फीट अंदर तक घुस गए थे। चालक और परिचालक सीधे इनके चपेट में आ गए, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के बाद बस के भीतर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई यात्री सीटों से उछलकर आगे की ओर जा गिरे। कुछ यात्री बस के भीतर फंस गए थे। सूचना मिलने पर पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस के दरवाजे और अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण यात्रियों को खिड़कियों के रास्ते बाहर निकाला गया। घायल यात्रियों को तत्काल एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे में जयपुर निवासी 30 वर्षीय चालक सोमवीर और 31 वर्षीय परिचालक दिलखुश की मौत हो गई। दोनों की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई। वहीं, हादसे में घायल हुए यात्रियों का इलाज महेंद्रगढ़ के अस्पताल में चल रहा है।
बस में सवार यात्रियों ने बताया कि अधिकांश लोग उस समय गहरी नींद में थे। अचानक जोरदार झटका लगा और देखते ही देखते चारों तरफ अफरा-तफरी मच गई। कई यात्रियों को समझ ही नहीं आया कि आखिर हुआ क्या है। एक घायल यात्री ने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि लोग सीटों से उछलकर आगे गिर गए। बस के भीतर लोहे के एंगल दिखाई दे रहे थे और लोग अपनी जान बचाने के लिए मदद की गुहार लगा रहे थे।
कुछ यात्रियों ने दावा किया कि यात्रा के दौरान चालक को थकान महसूस हो रही थी। एक यात्री के अनुसार बाद में परिचालक वाहन चला रहा था। हालांकि इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि ट्रक किस परिस्थिति में सड़क किनारे खड़ा था और सुरक्षा संबंधी सभी नियमों का पालन किया गया था या नहीं। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कर दिया गया है।