#यूटिलिटी
June 12, 2026
हिमाचल में अगले 5 दिन भारी : ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी, तूफान-ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट
शिमला-मनाली में पर्यटकों को मिला ठंडे मौसम का तोहफा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में जून के महीने में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी और मैदानी व मध्य क्षेत्रों में बारिश तथा तेज तूफान ने तापमान में गिरावट ला दी है। शिमला समेत कई इलाकों में तेज हवाएं चलीं, जिससे मौसम सुहावना हो गया, लेकिन कई स्थानों पर नुकसान की घटनाएं भी सामने आई हैं।
चंबा जिले के भरमौर क्षेत्र में गुरुवार शाम तेज बारिश के बाद रजेरा के गढ़ नाला में अचानक बाढ़ आ गई। इस दौरान नाले के तेज बहाव में 20 भेड़-बकरियां बह गईं। इस घटना से पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। वहीं प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में पेड़ गिरने और मलबे की चपेट में वाहन आने की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मौसम विभाग ने शुक्रवार के लिए कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला और सिरमौर जिलों में भारी ओलावृष्टि और तेज आंधी-तूफान का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। लाहौल-स्पीति और किन्नौर को छोड़कर प्रदेश के बाकी जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। इसके चलते अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज हो सकती है। 13 से 15 जून के बीच चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी और गरज के साथ बारिश की चेतावनी दी गई है।
बीते 24 घंटे के दौरान ऊना को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। केलांग में सबसे अधिक 3.7 डिग्री की कमी के बाद तापमान 20.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। नाहन का तापमान 3.4 डिग्री गिरकर 32.8 डिग्री, कांगड़ा का 37 डिग्री और मंडी का 37.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
समर टूरिस्ट सीजन के बीच बारिश और बर्फबारी ने शिमला और मनाली सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का मौसम सुहावना बना दिया है। देशभर से पहुंचे पर्यटक ठंडी हवाओं और बादलों के बीच पहाड़ों की खूबसूरती का आनंद ले रहे हैं। शिमला का अधिकतम तापमान 28 डिग्री, मनाली का 27.5 डिग्री, कुफरी का 22.2 डिग्री और नारकंडा का 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
एक ओर बारिश और बर्फबारी ने गर्मी से राहत पहुंचाई है और पर्यटन स्थलों की रौनक बढ़ाई है, वहीं दूसरी ओर तेज बारिश, बाढ़ और तूफान से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और नदी-नालों के आसपास जाने से बचने की अपील की है।