#हादसा
February 13, 2025
हिमाचल: शख्स टिप्पर चलाकर पालता था परिवार, छोड़ गया बेसहारा
इंटों से भरा टिप्पर अनियंत्रित होकर खाई में गिरा
शेयर करें:

सोलन। हिमाचल प्रदेश में आए दिन सड़क हादसों में कई घरों के चिराग बुझ रहे हैं। वहीं कई सड़क हादसों में परिवार घर में कमाने वाले एकमात्र शख्स को खो देता है। ऐसा ही कुछ हुआ है हिमाचल के सोलन जिला के औद्योगिक क्षेत्र बरोटीबाला में। यहां एक टिप्पर के दुर्घटनाग्रस्त होने से उसमें सवार चालक की दर्दनाक मौत हो गई है।
मिली जानकारी के अनुसार पुलिस जिला बद्दी के पुलिस थाना रामशहर के तहत आते बरोटीबाला चौक के पास एक टिप्पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह टिप्पर इंटों से भरा हुआ था। बताया जा रहा है कि चालक टिप्पर लेकर लूनस से कच्चे लिंक मार्ग पर गांव पथरी के पास पहुंचा था। यहीं पर यह टिप्पर हादसे का शिकार हो गया और उसमें सवार चालक की मौत हो गई।
यह हादसा उस समय हुआ जब चालक टिप्पर को मोड़ने लगा था। उसी समय चालक ने टिप्पर से नियंत्रण खो दिया और अनियंत्रित टिप्पर सड़क से लुढ़क कर 10 फीट गहरी खाई में जा गिरा। इस हादसे में टिप्पर चालक को गंभीर चोटें आई थी। हादसे की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और चालक को खाई से निकाल कर एम्स बिलासपुर पहुंचाया।
बताया जा रहा है कि चालक ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। एम्स बिलासपुर में मौजूद चिकित्सकों ने चालक को मृत घोषित कर दिया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगामी जांच शुरू कर दी है। इस हादसे में जान गंवाने वाले टिप्पर चालक की पहचान जसविंद्र सिंह पुत्र राम लाल के रूप में हुई है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: सोशल मीडिया पर दोस्ती महिला को पड़ी भारी, कई बार की नीचता -अब छोड़ दी
पुलिस ने मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। यह हादसा टिप्पर चालक की लापरवाही से हुआ बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं आगामी जांच शुरू कर दी है। एएसपी अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं इस हादसे से टिप्पर चालक के परिवार में मातम पसर गया है।