#हादसा

November 27, 2025

हिमाचल: ढांक से लटका टैंकर, रिसते पेट्रोल को लूटने की मच गई होड़; बाल्टी-कैनी-डिब्बे लेकर दौड़े लोग

जान जोखिम में डाल कैनी डिब्बे में पेट्रोल भरते रहे लोग

शेयर करें:

Mandi Crime News

सुंदरनगर। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक पेट्रोल से भरा टैंकर अचानक अनियंत्रित होकर ढांक से लटक गया। जिससे टैंकर से पेट्रोल नीचे गिरने लगा। पेट्रोल को गिरते देख वहां मौजूद लोग तुंरत ही कैनी, बाल्टियां और डिब्बे लेकर रिसते पेट्रोल को भरने के लिए दौड़ पड़े। यह लोग अपनी जान जोखिम में डाल कर इस पेट्रोल को भरने में व्यस्त दिखे। 

ढांक में हवा में लटका टैंकर

दरअसल बीते रोज बुधवार को मंडी जिला के सुंदरनगर में चमुखा फोरलेन पर उस समय अफरा.तफरी मच गई जब करीब 11 हजार लीटर पेट्रोल से भरा एक भारी टैंकर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई के बिल्कुल ऊपर लटक गया। हादसा इतना खतरनाक था कि टैंकर का लगभग आधा हिस्सा हवा में था और किसी भी पल गिरने का खतरा बना हुआ था।

 

यह भी पढ़ें : सदन में नारेबाजी.. वेल तक पहुंचा विपक्ष, जयराम ने CM की कुर्सी के पास जाकर जताया विरोध

पेट्रोल भरने ढांक में उतर गए लोग

जैसे ही स्थानीय लोगों ने देखा कि टैंकर से लगातार पेट्रोल रिस रहा है, तो कई लोग कैन, बाल्टियां, बोतलें और डिब्बे लेकर ढांक की ओर उतर गए। पेट्रोल की तेज़ गंध और आग लगने की आशंका के बावजूद लोग रिसता पेट्रोल भरने में जुट गए। इस खतरनाक हरकत ने मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासन दोनों के होश उड़ा दिए।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल के बागवानों की बल्ले-बल्ले, अब 'सी-ग्रेड' सेब से भी होगी बंपर कमाई, जानें नई योजना

पुलिस देख भागे लोग

घटना की सूचना मिलते ही सुंदरनगर थाना पुलिस, डीएसपी भारत भूषण और तहसीलदार अंकित शर्मा मौके पर पहुंचे। अधिकारियों को देखते ही पेट्रोल भर रहे लोग नीचे ढांक से भाग निकले। पुलिस ने मौके को तत्काल सील कर दिया और लोगों को दूर रहने का आदेश दिया। सुरक्षा को देखते हुए पुलिस ने फोरलेन की एक दिशा पूरी तरह से बंद कर दी, जबकि दूसरी दिशा से सावधानीपूर्वक वाहनों की आवाजाही करवाई जा रही है। संभावित आगजनी को रोकने के लिए बीएसएल फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां मौके पर तैनात कर दी गई हैं।

 

यह भी पढ़ें : हिमाचल : खेत में पड़ा मिला मासूम, थम चुकी थी सांसें- कलयुगी मां को ढूंढ रही पुलिस

कैसे हुआ हादसा?

प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि टैंकर मंडी की तरफ जा रहा था और अचानक उसमें तकनीकी खराबी आ गई। चालक ने वाहन को सड़क किनारे एक मकान के सामने रोकाए हैंडब्रेक लगाया और नीचे उतरने ही वाला था कि अचानक अत्यधिक वजन के कारण टैंकर पीछे की ओर लुढ़कने लगा। कुछ ही क्षणों में टैंकर खाई के किनारे जाकर अटक गया और उसका अगला हिस्सा हवा में झूलता रह गया।

लाखों का पेट्रोल बहने का अनुमान

लगातार रिसते पेट्रोल के कारण भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है। अनुमान लगाया जा रहा है कि लाखों रुपये का पेट्रोल नीचे ढांक में बह चुका है। टैंकर का कुल वजन लगभग 19 टन बताया गया हैए जिसके चलते इसे सुरक्षित निकालना प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। डीएसपी भारत भूषण ने कहा कि इलाके को सुरक्षा घेरे में लिया गया है, एक लेन बंद की गई है और भारी मशीनरी की मदद से टैंकर को सुरक्षित निकालने की कोशिश जारी है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख