#हादसा
January 10, 2026
हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: सड़क किनारे पैदल जा रहे व्यक्ति को कार सवार ने कुचला; पसरा मातम
कार की टक्कर से व्यक्ति की थम गईं सांसें
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल की सड़कों पर तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कहीं मोड़ पर, कहीं अंधेरी रात में बेलगाम रफ्तार लोगों की जिंदगियां निगल रही है। ऐसी ही एक कार चालक की लापरवाही ने एक व्यक्ति से उसकी सांसें छीन लीं। रामपुर के नोगली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने एक राहगीर की जान ले ली, जिससे एक बार फिर सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
राजधानी शिमला के रामपुर उपमंडल के नोगली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 51 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ जब सड़क किनारे पैदल चल रहे व्यक्ति को एक तेज रफ्तार कार ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि व्यक्ति को संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी सांसें थम गईं।
मृतक की पहचान प्रकाश (51) पुत्र लोहारू राम निवासी गांव पनवाड़ी डाकघर सुमनचनी तहसील बाली चौकी, जिला मंडी के रूप में हुई है। हादसे के वक्त प्रकाश सड़क किनारे पैदल जा रहे थेए तभी पीछे से आई कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।
हादसे में शामिल वाहन स्विफ्ट डिजायर कार बताई जा रही है, जिसे 26 वर्षीय मुनीत चला रहा था। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कार की रफ्तार काफी तेज थी और चालक ने लापरवाही से वाहन चलाया, जिसके कारण यह दर्दनाक हादसा हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10 बजे कार बेहद तेज गति में थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरा.तफरी मच गई और स्थानीय लोग घटनास्थल पर जमा हो गए। लोगों ने तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल बस हा*दसा: कुपवी के 10 लोगों की मौ*त, बोहरा में एक साथ जली तीन चि*ताएं
सूचना मिलते ही रामपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए हैं और आरोपी चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। यह प्राथमिकी प्रत्यक्षदर्शी अनिल कुमार के बयान के आधार पर दर्ज की गई है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
इस हादसे ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर तेज रफ्तार जानलेवा साबित हो रही है। आए दिन हो रहे सड़क हादसे न केवल परिवारों को उजाड़ रहे हैं, बल्कि प्रशासन और समाज दोनों के लिए चेतावनी हैं। पुलिस प्रशासन ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे गति सीमा का पालन करें और पहाड़ी सड़कों पर विशेष सावधानी बरतें, ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।