#हादसा
October 13, 2025
हिमाचल में तेज रफ्तार का कहर: बाइक सवार ने छीन ली महिला की सांसें, मारी थी जोरदार टक्कर
बाइक सवार भी हुआ गंभीर घायल, एम्स में चल रहा उपचार
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल प्रदेश की सर्पीली सड़कों पर हो रहे सड़क हादसों को वाहन चालकों की तेज रफ्तार कई गुना बढ़ा रही है। आए दिन प्रदेश में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिलता है। ज्यादातर दो पहिया वाहन चालकों की तेज रफ्तार ना सिर्फ उनकी अपनी जान की दुश्मन बन जाती है, बल्कि पैदल चलने वालों के लिए खतरनाक साबित हो रही है। ऐसा ही एक हादसा हिमाचल के मंडी जिला के डैहर में हुआ है। यहां एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने एक महिला की जान ले ली।
मिली जानकारी के अनुसार मंडी जिला के डैहर में एक तेज रफ्तार बाइक सवार की टक्कर से सड़क पर पैदल चल रही एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई है। यह हादसा कीरतपुर मनाली फोरलेन पर बलोह टोल प्लाजा के पास समलेहू में हुआ है। इस हादसे में खुद बाइक सवार भी बुरी तरह से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए एम्स बिलासपुर में भर्ती करवाया गया है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल BREAKING : एक और बस पलटी, 25 लोग पहुंचे अस्पताल- जा रहे थे शादी में मिलनी करने
बताया जा रहा है कि बाइक चालक की पहचान जितेंद्र शर्मा निवासी मझयाली उपमंडल बल्ह जिला मंडी के रूप में हुई है। जितेंद्र कुमार बाइक पर कहीं जा रहा था। उसकी रफ्तार काफी तेज थी। इसी दौरान उसने 75 वर्षीय हरदेई पत्नी स्व लक्ष्मण राम निवासी गांव समलेहू तहसील सुंदरनगर जिला मंडी को जोरदार टक्कर मार दी। हरदेई देवी सड़क किनारे पैदल जा रही थी।
लोगों की मानें तो टक्कर इतनी जोरदार थी कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं बाइक सवार भी सड़क पर गिर कर बुरी तरह से घायल हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और बुरी तरह से घायल हुए बाइक सवार जितेंद्र को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल डैहर पहुंचाया, जहां पर उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे एम्स बिलासपुर रेफर कर दिया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और महिला के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा। वहीं पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है। मामले की जानकारी देते हुए डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। प्रशासन की तरफ से मृतक महिला के बेटे राकेश कुमार को 25 हजार रुपए की फौरी राहत प्रदान कर दी गई है।
आज मृतक महिला का अंतिम संस्कार स्थानीय श्मशानघाट में किया गया। महिला की अंतिम यात्रा में सुंदरनगर के विधायक राकेश जम्वाल भी शामिल हुए और इस हादसे पर गहरा दुख प्रकट किया। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की व स्वजन को ढांढस बंधाया।