#हादसा
January 18, 2026
हिमाचल: कार चालक ने हवा में उड़ा दिए बाइक सवार, एक के मौके पर निकले प्राण; दूसरा घायल
कार चालक ने गलत दिशा में जाकर बाइक सवार को मारी टक्कर
शेयर करें:

पांवटा साहिब (सिरमौर)। हिमाचल प्रदेश की सड़कों पर लगातार हो रहे हादसे अब एक गंभीर चिंता का विषय बनते जा रहे हैं। तेज रफ्तार, लापरवाही और नियमों की अनदेखी हर दिन किसी न किसी परिवार को गहरे सदमे में डाल रही है। प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है और आए दिन लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक बेहद दर्दनाक हादसा हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से सामने आया है, जहां तेज रफ्तार कार ने एक बाइक सवार की जिंदगी छीन ली, जबकि दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहा है।
यह हादसा सिरमौर जिले के पांवटा साहिब में राष्ट्रीय राजमार्ग 707 पर कफोटा और शिल्ला के बीच आईटीआई के समीप शनिवार देर शाम हुआ। बाइक पर सवार दो लोग कफोटा की ओर से शिल्ला की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रही एक कार तेज रफ्तार में नियंत्रण खो बैठी और सीधे बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में 2027 से पहले हो सकते हैं चुनाव! जयराम ठाकुर का बड़ा दावा- संकट में सुक्खू सरकार
हादसे में 50 वर्षीय रघुवीर सिंह पुत्र मनसा राम, निवासी जाजला की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। अचानक हुए इस हादसे ने उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। वहीं बाइक पर सवार दूसरा युवक 28 वर्षीय संजय कुमार निवासी रिठौग गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा.तफरी मच गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: रात भर टिप्पर समेत खाई में पड़ा रहा चालक, नहीं मिली मदद; सुबह तक थम गई सांसें
स्थानीय लोगों ने मानवीय संवेदनशीलता दिखाते हुए तुरंत घायल युवक को पांवटा साहिब सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे नाहन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कफोटा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल किया गया। पुलिस ने तेज रफ्तार और लापरवाही को हादसे की संभावित वजह मानते हुए मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह हादसा एक बार फिर सवाल खड़े करता है कि आखिर कब तक तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग लोगों की जान लेती रहेगी। हिमाचल की पहाड़ी सड़कों पर थोड़ी सी चूक भी जानलेवा साबित हो रही है। जरूरत है कि वाहन चालक जिम्मेदारी समझेंए ताकि किसी और घर का चिराग यूं ही सड़क पर न बुझ जाए।