#हादसा
September 7, 2026
हिमाचल : घर के आंगन में खेल रहा था 3 वर्षीय मासूम- अचानक पानी के टैंक में गिरा, हुई मौ**त
परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है, गांव में भी मातम पसरा हुआ है
शेयर करें:

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर जिले में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया। सुजानपुर उपमंडल के अंतर्गत आने वाली रंगड़ पंचायत के टपरा गांव में महज तीन साल के एक मासूम बच्चे की पानी की खातरी (टैंक) में डूबने से मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि बच्चा अपने घर के आंगन में खेल रहा था। खेलते-खेलते वह घर के समीप बनी पानी की खातरी के पास पहुंच गया और अचानक उसमें गिर गया। जब तक परिजनों को इस बात का पता चला और बच्चे को बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
जानकारी के अनुसार, घटना के समय बच्चा घर के आंगन में खेल रहा था और परिवार के सदस्य भी आसपास मौजूद थे। इसी दौरान खेलते हुए वह पानी जमा करने के लिए बनाए गए गहरे टैंक तक पहुंच गया।
आशंका जताई जा रही है कि बच्चे का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे पानी में जा गिरा। काफी देर तक जब बच्चा दिखाई नहीं दिया तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान उन्हें बच्चे के पानी की खातरी में गिरने का पता चला।
परिजनों ने बिना समय गंवाए बच्चे को पानी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी। मासूम को बचाने की कोशिश की गई, मगर उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। तीन साल के बच्चे की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी घटना की खबर फैलते ही हर कोई स्तब्ध रह गया।
ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी और खेतीबाड़ी की जरूरतों को देखते हुए कई स्थानों पर जमीन या पहाड़ी हिस्से को खोदकर गहरे गड्ढेनुमा टैंक बनाए जाते हैं। इनमें बारिश या अन्य स्रोतों से पानी एकत्र किया जाता है, जिसका बाद में खेतों की सिंचाई और अन्य कृषि कार्यों के लिए उपयोग किया जाता है। हालांकि कई जगह ऐसे टैंक खुले रहते हैं, जिससे छोटे बच्चों और पशुओं के लिए खतरा बना रहता है।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में खुले पानी के टैंकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों का कहना है कि गहरे और खुले पड़े ऐसे जल स्रोतों को सुरक्षित तरीके से ढका जाना चाहिए या इनके चारों ओर मजबूत सुरक्षा व्यवस्था की जानी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी और परिवार को इस तरह का दर्द न झेलना पड़े।
हादसे की सूचना मिलने के बाद सुजानपुर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बच्चे के शव को कब्जे में लेकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है। थाना प्रभारी प्रकाश ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जाएगी।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। बच्चे के शव का पोस्टमार्टम सोमवार सुबह हमीरपुर मेडिकल कॉलेज में करवाया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
इस घटना के बाद टपरा गांव में शोक का माहौल है। मासूम की असमय मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। यह हादसा एक बार फिर घरों और खेतों के आसपास बने खुले व गहरे पानी के टैंकों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। विशेषकर छोटे बच्चों की मौजूदगी वाले घरों के आसपास ऐसे जल स्रोतों को खुला छोड़ना कितना खतरनाक साबित हो सकता है, इस दर्दनाक घटना ने इसकी चेतावनी दे दी है।