#हादसा
May 8, 2026
हिमाचल : मां की कोख सूनी, घर से एक साथ उठेगी दो भाइयों की अर्थी- पिता को खड्ड में मिली थी देह
खड्ड में डूबने से दो मासूम भाइयों ने तोड़ा दम
शेयर करें:

सिरमौर। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में बीते कल दो मासूम सगे भाइयों के साथ पेश आए हादसे ने पूरे हिमाचल को झकझोर कर रख दिया है। दोनों बच्चों की एक साथ मौत से परिवार पर दुखों का ऐसा पहाड़ टूटा है। वहीं, पूरा गांव गम में डूब गया है।
गांव में हर तरफ सन्नाटा पसरा हुआ है। एक ही घर से दो मासूम बेटों की अर्थियां उठने की खबर ने हर किसी की आंखें नम कर दी हैं। आज दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार किया जाएगा। पूरे क्षेत्र में इस हादसे को लेकर शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है।
आपको बता दें कि बीते कल नोहराधार के देवामानल गांव का रहने वाला 8 वर्षीय आयन और उसका 9 वर्षीय बड़ा भाई अभिनव दोपहर के समय घर के पास बहने वाली खड्ड के किनारे खेल रहे थे। खेलते-खेलते ही उनके साथ एक हादसा हो गया।

संकरे रास्ते से गुजरते समय छोटे भाई आयन का अचानक संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में जा गिरा। छोटे भाई को डूबता देख अभिनव उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद पड़ा, लेकिन खड्ड का पानी अधिक गहरा होने के कारण दोनों बच्चे बाहर नहीं निकल सके।
बच्चों की आवाज सुनकर परिजन और ग्रामीण भागते हुए मौके पर पहुंचे। पिता ने दोनों बच्चों को पानी से बाहर निकाला और तुरंत इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। हालांकि, नोहराधार अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों भाइयों को मृत घोषित कर दिया।
यह खबर सुनते ही अस्पताल में मौजूद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही नौहराधार पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवार को फौरी राहत के तौर पर 25-25 हजार रुपये देने की प्रक्रिया शुरू की गई है।