#हादसा
June 10, 2025
हिमाचल : बर्थडे वाले दिन कार्यक्रम में जा रहे युवक को तेज रफ्तार वाहन ने कुचला, गहरे सदमे में परिजन
युवक को सड़क पर फेंक फरार हुआ वाहन चालक
शेयर करें:
ऊना। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक दुखद खबर सामने आई है। रामपुर पुल के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा पेश आया है। यहां पर एक 22 साल के लड़के को उसके जन्मदिन के दिन एक वाहन टक्कर मार कर फरार हो गया है।
बताया जा रहा है कि हादसे के वक्त युवक एक कार्यक्रम में हिस्सा लेने जा रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
गनीमत रही कि हादसे में युवक की जान बच गई। मगर युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। उसे ऊना अस्पताल से PGI चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया है। घायल की पहचान साहिल (22) के रूप में हुई है- जो कि ऊना के कर्मपुर गांव का रहने वाला है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही साहिल रामपुर पुल के पास पहुंचा तो एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि साहिल सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया। हादसे के बाद वाहन चालक युवक को सड़क पर तड़पता छोड़ मौके से फरार हो गया।
घटनास्थल पर मौजूद लोगों द्वारा उसे आनन-फानन में 108 एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया गया। जहां मौजूद डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसे PGI ई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। परिजनों का कहना है कि साहिल को सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं और वह अभी अचेत अवस्था में है।
घटना की सूचना मिलते ही हरोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। SP ऊना अमित यादव ने बताया कि घटना को लेकर प्राथमिक जांच रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और अज्ञात वाहन चालक की पहचान करने के लिए आसपास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि किसी ने हादसे को होते हुए देखा हो या वाहन की कोई जानकारी हो, तो वे पुलिस को सूचित करें।
साहिल के परिवार पर यह हादसा गहरा सदमा बनकर टूटा है। युवक का जन्मदिन एक हर्ष का दिन होना चाहिए था, लेकिन यह दिन उसके परिवार के लिए चिंता और पीड़ा में बदल गया। परिजन अब उसकी सलामती के लिए दुआ कर रहे हैं और प्रशासन से न्याय की उम्मीद लगाए बैठे हैं।