#हादसा
May 27, 2025
हिमाचल : खड्ड में डूबा 16 साल का लड़का, दोस्तों के साथ गया था नहाने- सदमे में परिवार
परिजनों पर टूटा दुखों का पहाड़
शेयर करें:
मंडी। हिमाचल के मंडी जिला से एक दिल को दहला देने वाली खबर सामने आई है। यहां लडभड़ोल क्षेत्र में एक 16 साल के लड़के की खड्ड में डूबने से मौत हो गई है। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में माहौल गमगीन बना हुआ है।
बताया जा रहा है कि लड़का अपने कुछ दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने गया था। इसी दौरान उसकी गहरे पानी में डूबने के कारण मौत हो गई। लड़के की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार,ये हादसा बीते कल करसाल खड्ड में पेश आया है। हादसे के वक्त लड़का अपने दोस्तों के साथ नहा रहा था। इसी दौरान वो पानी में डूब गया। लड़के के दोस्तों ने तुरंत इस बाबत उसके परिजनों को सूचित किया।
सूचना मिलते ही आनन-फानन में परिजन खड्ड में पहुंचे और लड़के को पानी से बाहर निकालकर बैजनाथ अस्पताल पहुंचे। मगर तब तक काफी देर हो चुकी थी। अस्पताल में मौजूद डॉक्टरों ने लड़के को मृत घोषित कर दिया।
लाडले बेटे की मौत के बाद परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। इस घटना ने पूरे इलाके के लोगों को झकझोर कर रख दिया है। मृतक की पहचान शुभम पुत्र अर्जुन के रूप में हुई है। शुभम के दोस्त भी इस घटना के बाद गहरे सदमे में हैं। फिलहाल, पुलिस टीम ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। साथ ही मामले में आगामी छानबीन शुरू कर दी है।
आपको बता दें कि हाल ही में कांगड़ा जिले में एक साथ तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई थी। डूबने वालों में बुजुर्ग दादा और उसके दो मासूम पोते शामिल थी। एक ही परिवार के तीन लोगों की इस तरह से डूबने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
वहीं, इससे पहले मंडी जिला के जंजैहली में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई थी। दोनों युवकों की बीते रोज शनिवार को जंजैहली की कटारु खड्ड में डूबने से मौत हुई थी। डूबने वालों में एक 12वीं कक्षा का छात्र था। जबकि दूसरे की उम्र 16 साल बताई जा रही थी। 12वीं का छात्र घर से स्कूल के लिए निकला था, लेकिन स्कूल से बंक मार कर वह दोस्तों के साथ खड्ड में नहाने चला गया था। वहीं दूसरा युवक लकड़ियां लेकर खड्ड पार करते पैर फिसलन से बह गया और डूब गया।