#यूटिलिटी

June 13, 2025

हिमाचल में मौसम कूल-कूल : तेज हवाओं के साथ हुई मूसलाधार बारिश, 5 जिलों में अलर्ट जारी

पहाड़ों की तरफ बढ़ रहे सैलानी

शेयर करें:

Himachal Weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में आज सुबह से ही मौसम सुहावना बना हुआ है। राजधानी शिमला, धर्मशाला समेत प्रदेश के कई इलाकों में आज सुबह से झमाझम बारिश हो रही हैं। बारिश के साथ-साथ तेज हवाएं भी चल रही हैं- जिससे मौसम काफी कूल-कूल हो गया है।

हिमाचल में मौसम ने ली करवट

मौसम में बदलाव होते ही लोगों के चेहरे खिल उठे हैं। मूसलाधार बारिश से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के इस बदलाव से लोगों को चिलचिलाती गर्मी और पसीने से राहत मिली है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के एक परिवार की तीसरी पीढ़ी करेगी देश सेवा, सब लेफ्टिनेंट बना ब्रिगेडियर का बेटा

कब तक खराब रहेगा मौसम?

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के ताजा पूर्वानुमान के अनुसार, आज प्रदेश के कई क्षेत्रों में बारिश दर्ज की जा सकती है। अगले दो दिनों तक मौसम खराब बना रह सकता है। खासकर मंडी, कांगड़ा, शिमला, कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों में बारिश होने की प्रबल संभावना जताई गई है। इसके साथ ही तेज हवाओं का भी दौर चल सकता है।

बारिश और तेज हवाओं की चेतावनी

मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि तेज बारिश और हवाओं के कारण सेब, टमाटर और अन्य सब्जियों की फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। विभाग ने किसानों को आगाह किया है कि वे फसलों की सुरक्षा के लिए उचित कदम उठाएं। उन्हें सलाह दी गई है कि खेतों में मजबूत सहारे या संरचनाएं खड़ी करें, फलों की थैलियों की समय-समय पर जांच करें और खुले में रखे कृषि उपकरणों को भी सुरक्षित स्थानों पर रखें।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: श्रद्धालुओं से भरी गाड़ी गहरी खाई में गिरी, दो बच्चे भी थे सवार, मची चीख-पुकार

पहाड़ों की तरफ बढ़ रहे सैलानी

उधर, मैदानी इलाकों में गर्मी बढ़ने के साथ ही पहाड़ी इलाकों की ओर सैलानियों का रुख तेज हो गया है। वीकेंड पर शिमला, मनाली, डलहौजी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की भारी भीड़ देखी गई। होटलों और होम स्टे की बुकिंग जून महीने के लिए भी जोरों पर है, जिससे पर्यटन उद्योग से जुड़े कारोबारियों में खासा उत्साह है।

कब आएगा मानसून?

मौसम विभाग ने यह भी संकेत दिया है कि प्रदेश में इस बार मानसून सामान्य से कुछ बेहतर रह सकता है। अनुमान है कि मानसून जून के आखिरी सप्ताह तक प्रदेश में दस्तक देगा। पिछले वर्ष 27 जून को मानसून पहुंचा था, और इस बार भी लगभग उसी तारीख के आसपास इसके आने की संभावना है। अगर मौसम इसी रफ्तार से आगे बढ़ा, तो किसानों और पर्यटकों दोनों के लिए यह मौसम खासा महत्वपूर्ण साबित हो सकता है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख