#यूटिलिटी
August 2, 2026
सुक्खू सरकार की इस नई योजना से 2.50 लाख महिलाओं की भरेगी खाली जेब, प्रियंका गांधी करेंगी शुभारंभ
2.50 लाख महिलाओं को मिलेगा इस योजना का लाभ, जेब में आएंगे पैसे
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश की महिलाओं और आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सुक्खू सरकार एक बार फिर बड़ी सौगात देने की तैयारी में है। प्रदेश सरकार जल्द ही ऐसी नई योजना का शुभारंभ करने जा रही है, जिसके माध्यम से लाखों महिलाओं को हर महीने सीधा आर्थिक लाभ मिलेगा। इसके साथ ही प्रदेश के सबसे गरीब परिवारों को भी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में लाकर उनकी बुनियादी जरूरतों को पूरा करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया जाएगा।
सरकार की योजना है कि मंडी जिले से मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना का औपचारिक शुभारंभ किया जाए। इस कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा को भी आमंत्रित किया गया है। पहले कार्यक्रम 15 अगस्त के आसपास प्रस्तावित था, लेकिन व्यस्तता के चलते अब उनके 18 अगस्त को हिमाचल आने की संभावना जताई जा रही है। यदि कार्यक्रम तय होता है तो उनके हाथों इस महत्वाकांक्षी योजना की शुरुआत कराई जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: पंजाब के श्रद्धालुओं की गाड़ी खाई में गिरी, मची चीख-पुकार; मां नयनादेवी के चमत्कार से बची...
प्रदेश सरकार की इस योजना के तहत करीब 1.78 लाख अति गरीब परिवारों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार का मानना है कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को स्थायी सहारा मिलेगा और उनकी जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव आएगा।
सरकार इंदिरा गांधी प्यारी बहना सुख सम्मान निधि योजना का भी विस्तार करने जा रही है। इसके तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में हर महीने 1500 रुपये की सम्मान निधि सीधे डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी। इस योजना का लाभ गरीब परिवारों की महिलाओं सहित 2.50 लाख से अधिक पात्र महिलाओं को मिलने की संभावना है।
यह भी पढ़ें : देवभूमि शर्मसार: अब कैफे में युवती से नीचता, युवक ने कई बार किया मुंह काला,18 से भी कम है उम्र
योजना को बिना किसी देरी के लागू करने के लिए सरकार लाभार्थियों का अंतिम डाटा तैयार कर रही है। अधिकारियों का प्रयास है कि पात्र महिलाओं की सूची पूरी तरह सत्यापित होने के बाद पहली किस्त सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा सके।
वर्तमान में प्रदेश की करीब 34 हजार महिलाएं इस सम्मान निधि योजना का लाभ उठा रही हैं। नई व्यवस्था लागू होने के बाद लाभार्थियों की संख्या बढ़कर तीन लाख से अधिक होने का अनुमान है, जिससे यह प्रदेश की सबसे बड़ी महिला कल्याण योजनाओं में शामिल हो जाएगी।
यह भी पढ़ें : हिमाचल : घर से टायर लेने निकला था पूर्व प्रधान का बेटा, पंजाब की नहर में तैरती मिली देह
मुख्यमंत्री अपना सुखी परिवार योजना केवल आर्थिक सहायता तक सीमित नहीं रहेगी। इसके तहत पात्र परिवारों को हर महीने 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं को 1500 रुपये मासिक सम्मान निधि और कच्चे मकानों में रहने वाले परिवारों को चरणबद्ध तरीके से पक्के मकान निर्माण के लिए वित्तीय सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को सम्मानजनक जीवन और बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
सरकार का मानना है कि यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ गरीब परिवारों के जीवन स्तर में भी सुधार लाएगी। सामाजिक सुरक्षा, वित्तीय सहायता और बुनियादी सुविधाओं के समन्वय से यह योजना प्रदेश के कमजोर वर्गों के लिए एक मजबूत सुरक्षा कवच साबित हो सकती है।