#यूटिलिटी
January 24, 2025
हिमाचल कैबिनेट: वीरभद्र सिंह के नाम से जाना जाएगा ये कॉलेज; 37 पदों पर भर्ती को मंजूरी
तीन मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी को मंजूरी
शेयर करें:
धर्मशाला। हिमाचल प्रदेश के सीएम सुक्खू ने आज पूर्ण राजयत्व दिवस से ठीक एक दिन पहले कैबिनेट बैठक बुलाई। इस कैबिनेट बैठक में कई बड़े निर्णय लिए गए। कैबिनेट बैठक में कई पदों पर भर्ती का भी निर्णय लिया गया है। वहीं रोहड़ू के सीमा कॉलेज का नाम भी राजा वीरभद्र के नाम पर रखने को मंजूरी प्रदान की गई।
कैबिनेट फैसलों की जानकारी देते हुए मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि कैबिनेट ने मछलीपालन विभाग में विभिन्न श्रेणियों 28 पद भरने को मंजूरी प्रदान की गई है। इसी तरह से खंड विकास अधिकारी के 9 पदों पर भर्ती की स्वीकृति दी गई है। बीडीओ के पद पब्लिक सर्विस कमीशन के माध्यम से डायरेक्ट भर्ती से भरे जाएंगे।
इसी तरह से कैबिनेट बैठक में रोहड़ू के सीमा कॉलेज का नाम राजा वीरभद्र कालेज रखने को मंजूरी प्रदान की। मुख्यमंत्री सुक्खू ने बीते दिनों रोहड़ू दौरे के दौरान इसकी घोषणा की थी। राजकीय महाविद्यालय सीमा रोहड़ू अब वीरभद्र सिंह राजकीय महाविद्यालय सीमा के नाम से जाना जाएगा। वहीं जुब्बल के सीनियर सेकेंडरी स्कूल हॉस्टल का नाम ठाकुर रामलाल स्पोर्ट्स हॉस्टल रखने का निर्णय लिया।
बता दें कि जुब्बल कोटखाई के विधायक एवं मंत्री रोहित ठाकुर के दादा राम ठाकुर भी प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे हैं। उनके योगदान को देखते हुए जुब्बल के सेकेंडरी स्कूल का नामकरण करने का कैबिनेट ने फैसला लिया। हरोली विधानसभा क्षेत्र के खड्ड महाविद्यालय का नाम मोहन लाल दत्त राजकीय महाविद्यालय, खड्ड करने की स्वीकृति प्रदान की।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कैबिनेट ने भांग की खेती को दी सैद्धांतिक मंजूरी, PWD को मिलेंगी नई बोलेरो
इसी तरह से कुल्लू जिला के तांदी में हुए भीषण अग्निकांड के पीड़ितों को भी बड़ी राहत प्रदान करने को मंजूरी दी गई। इस भीषण अग्निकांड के प्रभावितों को सात लाख रुपए घर बनाने के लिए देने को मंजूरी प्रदान की गई। जिन लोगों के घर पूरी तरह से जल गए थे, उन्हें सरकार सात लाख देगी। वहीं आंशिक रूप से जले घरों के मालिकों को सरकार एक लाख रुपए देगी।
वहीं जिन लोगों की गौशालाएं जली हैं उन्हें भी 50 हजार रुपए दिए जाएंगे। बड़ी बात यह है कि जिन लोगों के घर पूरी तरह से जल गए हैं उन्हें किराये पर रहने के लिए भी सरकार ने किराये के रूप में प्रतिमाह पांच हजार देने का निर्णय लिया है।
कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने बताया कि कैबिनेट बैठक में तीन मेडिकल कॉलेजों में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने का निर्णय लिया है। शिमला के आईजीएमसी चमियाणा और कांगड़ा के टांडा मेडिकल कालेज में रोबोटिक सर्जरी शुरू करने के लिए जरूरी उपकरण खरीदने को मंजूरी प्रदान प्रदान की गई है। हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि जिस क्वालिटी के उपकरण एम्स दिल्ली में लगे हैं, उसी क्वालिटी के उपकरण इन तीनों मेडिकल कालेज एवं अस्पतालों में लगाए जाएंगे।