#यूटिलिटी
December 5, 2025
हिमाचल में शुरू हुआ बर्फबारी का दौर: ठंड के आगोश में समाया प्रदेश, घरों में दुबके लोग
प्रदेश के कई क्षेत्रों में माइनस में पहुंचा तापमान
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदलना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग की चेतावनी के अनुसार आज शुक्रवार को प्रदेश में बर्फबारी का दौर शुरू हो गया है। हालांकि प्रदेश भर से बारिश होने की कोई खबर अभी तक सामने नहीं आई है। लेकिन पहाड़ों पर गिरती बर्फ के चलते प्रदेश ठंड के आगोश में समाने लगा है।
बता दें कि शुक्रवार को सुबह से ही प्रदेश भर में मौसम खराब बना हुआ था। खासकर राजधानी शिमला और उसके आसपास के क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी का अनुमान लगाया जा रहा था। लेकिन कुछ समय बाद मौसम साफ हो गया और ना तो बारिश हुई और ना ही बर्फ गिरी। जिससे पर्यटक भी खासे मायूस दिखे। लेकिन पहाड़ों पर बर्फ की चादर बिछना शुरू हो गई है। शिंकुला दर्रे सहित बारालाचा दर्रे के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शुक्रवार सुबह बर्फ के फाहे गिरे हैं। जिससे प्रदेश भर में न्यूनतम तापमान में गिरावट आई है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज रात को पहाड़ों पर बर्फबारी शुरू हो जाएगी। इसी के साथ मौसम विभाग ने निचले इलाकों में बारिश का अलर्ट भी जारी कर दिया है। मौसम का कहना है कि 6 और 7 दिसंबर को लाहुल-स्पीति, चंबा और कुल्लू जिले के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश व हिमपात की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने आगामी दो दिनों के लिए भी मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा और सोलन के निचले हिस्सों में घने कोहरे का अलर्ट जारी किया है। आपको बता दें कि आज सुबह बिलासपुर और मंडी जिलों में घने कोहरे ने सामान्य जीवन को प्रभावित कर दिया।
बिलासपुर में दृश्यता सिर्फ 50 मीटर और मंडी में लगभग 150 मीटर रही। मंडी में ब्यास नदी के आसपास के क्षेत्रों में विजिबिलिटी इतनी कम रही कि वाहन धीरे-धीरे रेंगते दिखे। ऊना, सुजानपुर और सोलन के कई स्थानों में भी सुबह यातायात प्रभावित रहा।
वहीं, मनाली में पर्यटक वाहनों की भीड़ अचानक बढ़ने से यातायात कई जगह ठप पड़ गया। स्थानीय लोगों और पर्यटकों दोनों को जाम से काफी परेशानी हुई। प्रशासन ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिर्फ फोर-व्हील-ड्राइव वाहनों को ही रोहतांग पास की ओर जाने की अनुमति दी है। रोहतांग दर्रे में पर्यटकों को 10 दिसंबर तक ही जाने की अनुमति है। इसके अलावा मनाली–लेह और दारचा–जांस्कर मार्ग पर वाहनों की आवाजाही गुरुवार को सामान्य रही।
आज यानी शुक्रवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, लाहुल-स्पीति और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात संभव है। जबकि, अन्य क्षेत्रों में मौसम साफ व शुष्क रहने का अनुमान है। कल प्रदेशभर में आसमान साफ होने के आसान हैं, लेकिन 7 दिसंबर को एक बार फिर से मध्यम और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी व बारिश वापस लौट सकती है।
कोहरे और बर्फीली हवाओं ने रात के तापमान में भारी गिरावट दर्ज कराई है। प्रदेश के 18 प्रमुख स्थानों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। किन्नौर, शिमला और कुल्लू के ऊपरी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से कहीं ज्यादा नीचे दर्ज किया गया है, जबकि लाहुल-स्पीति में पारा लगातार गिर रहा है और अगले कुछ दिनों में और तेज गिरावट की संभावना जताई गई है।
हिमाचल में मौसम का यह बदला मिजाज आने वाले दिनों में लोगों की मुश्किलें बढ़ा सकता है, खासकर उन क्षेत्रों में जहां कोहरा और हिमपात दोनों का प्रभाव एक साथ दिख रहा है।मैदानी जिलों में कोहरा जारी रहेगा, ऊंचाई पर हल्की बर्फबारी होगी- जिससे रातें और ठंडी होंगी और पारा सामान्य से नीचे रहेगा।