#यूटिलिटी
May 14, 2025
हिमाचल : ज्यादा दिन नहीं सताएगी गर्मी- यहां जानिए कब होगा मौसम में बदलाव
खराब मौसम होने की स्थिति में सतर्क रहने के आदेश दिए हैं।
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में बीते डेढ़ हफ्ते से मौसम ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। कहीं पर बारिश हो रही है, तो कहीं पर ओलावृष्टि के कारण किसान बागवानों को लाखों-करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ा है। हिमाचल की चोटियों बारालाचा, कुंजुम, रोहतांग में मंगलवार को हल्का हिमपात हुआ है।
लाहौल के पीक, ड्रिल्बू पीक और गंगस्टंग चोटी के साथ-साथ रोहतांग और बारालाचा दर्रे पर भी बर्फ की सफेद चादर बिछ गई। इस सब के बीच हिमाचल के मौसम से जुड़ी ताजा अपडेट सामने आई है, जिसके हिसाब से आगामी 16 मई तक हिमाचल के कई इलाकों में हल्की बारिश होने की संभवना जताई गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 17 मई तक कई जगह पर हल्की बारिश के संकेत बताए हैं। वहीं, विभाग ने खराब मौसम होने की स्थिति में सतर्क रहने के आदेश दिए हैं। साथ ही बागवानों को भी खराब मौसम के दौरान बगीचों की देखभाल करने को कहा है।
हिमाचल प्रदेश में 16 मई तक मध्यवर्ती और ऊपरी पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश की संभावना है। चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, लाहौल-स्पीति, और किन्नौर जिलों में बारिश हो सकती है, क्योंकि ये ऊंचाई वाले क्षेत्र हैं। वहीं, मैदानी जिले जैसे ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर, सोलन, और सिरमौर में बारिश की संभावना कम है या मौसम साफ रह सकता है।
आने वाले पांच दिनों में कुछ स्थानों में धूप खिली रहेगी | वहीं तापमान में 5 डिग्री तक की बढ़ोतरी हो सकती है। मौसम विभाग की ओर से जारी किए गए ताजा पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश के ऊंचे क्षेत्रों में कुछ एक स्थानों पर हिमपात और वर्षा की संभावना है। अधिकतर स्थानों पर मौसम के साफ रहने का अनुमान है।
बता दें कि अब तक कुल्लू में सेब की फसल को ख़राब मौसम ने करीब 10 से 15 करोड़ तक का नुकसान पहुंचाया है| बतौर रिपोर्ट्स तेज तूफान और हवाओं ने सेब के बगीचों को काफी हद तक क्षतिग्रस्त कर दिया है। प्रदेश भर के अलग अलग हिस्सों में कई दिनों से ख़राब मौसम होने के कारण एक बार फिर बागवानों की उम्मीदों में पानी फेरता हुआ दिख रहा है।