#यूटिलिटी
March 15, 2026
हिमाचल में मौसम का डबल अटैक: झमाझम बारिश - भारी बर्फबारी हुई शुरू, ऑरेंज अलर्ट की है चेतावनी
मौसम विभाग ने ओलावृष्टि और तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट किया है जारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय बाद मौसम ने डबल अटैक किया है। लंबे समय बाद मौसम ने करवट बदली। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार जहां मैदानों और निचले इलाकों में झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया है, वहीं ऊंचाई वाले जिलों और पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी ने फिर दस्तक दे दी है। इस बदलाव से किसानों और बागवानों ने राहत की सांस ली है, क्योंकि पिछले कई दिनों से बारिश न होने के कारण फसलों और बागवानी पर संकट गहराने लगा था।
रविवार को शिमला, सोलन, कांगड़ा, कुल्लू और मंडी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश दर्ज की गई। वहीं लाहौल-स्पीति और आसपास की ऊंची चोटियों में ताजा बर्फबारी हुई। अटल टनल रोहतांग के आसपास के क्षेत्रों में भी बर्फ गिरने की खबर है। मौसम के इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है और पहाड़ी इलाकों में ठंड फिर बढ़ने लगी है।
यह भी पढ़ें : सुक्खू सरकार के CBSE स्कूलों में बढ़ने लगे दाखिले, निजी स्कूल डालने लगे अड़ंगा- जानें
दरअसल मार्च महीने की शुरुआत से ही प्रदेश में बारिश लगभग न के बराबर हुई थी। एक से 15 मार्च के बीच प्रदेश में सामान्य से करीब 92 प्रतिशत कम वर्षा दर्ज की गई थी। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार इस अवधि में जहां सामान्य रूप से लगभग 57 मिलीमीटर वर्षा होनी चाहिए थी, वहीं वास्तविक वर्षा केवल करीब 4 मिलीमीटर ही दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें : हिमाचल कांग्रेस के अध्यक्ष को सिक्कों में तौल दिया गया: जानें कहां और क्यों हुआ ऐसा..
हालात इतने गंभीर थे कि बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, सोलन और ऊना जैसे जिलों में एक से पंद्रह मार्च तक एक बूंद भी बारिश नहीं हुई। इससे गेहूं की फसल पर असर दिखने लगा था और कई खेतों में फसल पीली पड़ने लगी थी। साथ ही कई इलाकों में पानी की किल्लत भी महसूस की जाने लगी थी।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह सक्रिय बना रहेगा। 15 और 16 मार्च को कई जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। 17 मार्च को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश के साथ ऊंचे क्षेत्रों में बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 18 और 19 मार्च को भी प्रदेश के कई हिस्सों में वर्षा होने के आसार हैं। 20 और 21 मार्च को भी कुछ स्थानों पर हल्की बारिश जारी रह सकती है।
यह भी पढ़ें : हिमाचल में गजब का मामला : बेटे के जन्म लेते ही सलाखों के पीछे पहुंचा पिता, जानें वजह
मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों के लिए विशेष चेतावनी भी जारी की है। कुल्लू, मंडी, शिमला और सोलन के कुछ क्षेत्रों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने और ओलावृष्टि होने की संभावना जताई गई है। इन इलाकों में हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। ऐसे में किसानों और लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
कुल मिलाकर हिमाचल में मौसम का यह नया बदलाव जहां सूखे से जूझ रहे किसानों के लिए राहत लेकर आया है, वहीं बर्फबारी और ओलावृष्टि की संभावना के कारण लोगों को सतर्क रहने की भी जरूरत है।