#यूटिलिटी

April 28, 2025

हिमाचल में अब ओला-उबर की तरह ऑटो की होगी ऑनलाइन बुकिंग इस शहर से होगी शुरूआत

सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के छात्रों की मेहनत

शेयर करें:

himachal news

मंडी। देश के बड़े शहरों की तरह अब हिमाचल प्रदेश में भी ओला और उबर की तर्ज पर ऑनलाइन ऑटो सेवा शुरू होने जा रही है। यह सुविधा जल्द ही प्रदेश के मंडी जिला में मिलेगी, जहां मंडी शहर में लोग मोबाइल ऐप के जरिए अपनी ऑटो राइड बुक कर सकेंगे। इस सुविधा का सीधा लाभ न केवल सवारियों को मिलेगा, बल्कि ऑटो चालकों को भी अपनी सेवाएं आसानी से देने का मौका मिलेगा।

एसपीयू के छात्रों का अभिनव प्रोजेक्ट

सरदार पटेल यूनिवर्सिटी के कंप्यूटर साइंस विभाग में एमसीए कर रहे सात छात्र नगर निगम मंडी के सहयोग से "मेरी ऑटो ऐप" बना रहे हैं। ऐप डेवलपर और एमसीए स्टूडेंट साहिल ने बताया कि प्रोजेक्ट का पहला चरण पूरा हो चुका है।

यह भी पढ़ें : एक और प्रोजेक्ट को लेकर हिमाचल और केंद्र में विवाद- नीति आयोग ने बुलाई बैठक

ऑटो चालकों का डाटा भी इकट्ठा किया जा चुका है और जल्द ही सर्वे पूरा कर फाइनल डेवलपमेंट किया जाएगा। यह पूरा ऐप महज 1 लाख 20 हजार रुपये के बजट में तैयार किया जा रहा है।

प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं ये छात्र

साहिल के साथ शिवम शर्मा, मोहित ठाकुर, सौरव राणा और भरत प्रकाश जैसे साथी छात्र भी इस प्रोजेक्ट पर काम कर रहे हैं। इन छात्रों ने ऐप के डेवलपमेंट में सर्विस प्रोवाइडर मार्जिन बहुत कम रखा है ताकि ऑटो चालकों को अधिक लाभ मिल सके और सवारियों को भी किफायती सेवा उपलब्ध हो।

नगर निगम का सहयोग और समर्थन

नगर निगम मंडी के मेयर वीरेंद्र भट्ट ने कहा कि "मेरी ऑटो ऐप" से शहरवासियों के साथ-साथ ऑटो चालकों को भी बड़ा फायदा मिलेगा। अब ऑटो चालकों को सवारियों की तलाश में इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा और यात्री भी आसानी से अपने स्थान से ऑटो बुक कर सकेंगे। इस पहल को लेकर नगर निगम भी छात्रों को पूरा समर्थन दे रहा है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में मनरेगा पर संकट गहरा- केंद्र से मजदूरों की दिहाड़ी रुकी, कामकाज ठप

पहले भी कर चुके हैं शानदार इनोवेशन

गौरतलब है कि एसपीयू के ये छात्र पहले भी कई उल्लेखनीय प्रोजेक्ट कर चुके हैं। इनमें यूनिवर्सिटी परिसर में क्लाइमेट क्लॉक स्थापित करना और मंडी शहर के धार्मिक स्थलों के लिए "मंडी दर्शन ऐप" तैयार करना शामिल है। इसके अलावा इंदिरा मार्केट के दुकानदारों के लिए नेविगेशन ऐप भी इन्हीं छात्रों ने बनाया था। बहरहाल, "मेरी ऑटो ऐप" न केवल मंडी में तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देगा, बल्कि स्थानीय युवाओं के हुनर का शानदार उदाहरण भी पेश करेगा। जल्द ही मंडी शहर स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सेवाओं के मामले में भी बड़ी छलांग लगाने को तैयार है।

पेज पर वापस जाने के लिए यहां क्लिक करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख