#यूटिलिटी

January 31, 2026

पूरे हिमाचल में भारी बारिश-बर्फबारी का अलर्ट, 3 दिन आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने की चेतावनी

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह

शेयर करें:

himachal weather

शिमला। हिमाचल प्रदेश में एक बार फिर मौसम करवट लेने जा रहा है। आज रात से प्रदेश में नया पश्चिमी विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टरबेंस) सक्रिय हो रहा है, जिसके चलते पहाड़ी राज्य में अगले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बिगड़ा रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र ने प्रदेश के सभी 12 जिलों में भारी बारिश, बर्फबारी, तेज हवाओं, आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई है।

 

मौसम विभाग के अनुसार सबसे ज्यादा असर रविवार को देखने को मिलेगा, जब पूरे हिमाचल में व्यापक स्तर पर बारिश और ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में जहां बर्फ की मोटी चादर बिछने की संभावना है, वहीं निचले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में अच्छी बारिश होने का अनुमान है।

 

यह भी पढ़ें : दिल्ली पुलिस ने पकड़ी 31 किलो अल्प्राजोलम टैबलेट, हिमाचल में बनता था ये ज.हर; 3 धरे

तीन दिन रहेगा मौसम का असर

पूर्वानुमान के मुताबिक 2 और 3 फरवरी को भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और हिमपात जारी रह सकता है, जबकि 4 फरवरी से प्रदेश में मौसम के साफ होने की संभावना है। इस दौरान मौसम विभाग ने रविवार के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। चेतावनी के अनुसार प्रदेश में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जबकि अधिक ऊंचे इलाकों में बर्फीले तूफान की भी आशंका जताई गई है।

पर्यटकों और स्थानीय लोगों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने पर्यटकों और स्थानीय लोगों को खासतौर पर ऊंचे पहाड़ी इलाकों की यात्रा से बचने की सलाह दी है। खराब मौसम के चलते सड़कों के बंद होने, बिजली और पेयजल आपूर्ति प्रभावित होने की भी आशंका है। प्रशासन को भी अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए हैं।

 

यह भी पढ़ें : DC ऑफिस को मिली ब*म से उड़ाने की ध.मकी, नालागढ़ थाना ब्ला*स्ट केस में अरेस्ट हुए हैं दो आतंकी

मैदानी इलाकों में कोहरे का कहर

मौसम के बदले मिजाज का असर मैदानी इलाकों में भी साफ दिख रहा है। शनिवार सुबह कई क्षेत्रों में घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में दृश्यता घटकर 40 मीटर से नीचे चली गई, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। मंडी के सुंदरनगर, बद्दी, पांवटा साहिब और हमीरपुर के सुजानपुर में भी कोहरे का असर रहा।

ऊंचाई वाले इलाकों में कड़ाके की ठंड बरकरार

हालांकि निचले और मध्यम ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दिन के तापमान में हल्का सुधार हुआ है, लेकिन ऊंचे इलाकों में अभी भी कड़ाके की ठंड पड़ रही है। लाहौल-स्पीति के ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 10.2 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है, जबकि कुकुमसेरी में यह माइनस 6.3 डिग्री दर्ज किया गया।

 

यह भी पढ़े: हिमाचल की पंचायतों में सुक्खू सरकार ने लगाए एडमिनिस्ट्रेटर, इन अधिकारियों को सौंपी शक्तियां

किसानों और पर्यटन कारोबार के लिए राहत

लंबे समय के सूखे के बाद बदले मौसम ने किसानों, बागवानों और पर्यटन कारोबारियों को राहत दी है। प्रदेश में 12 अक्टूबर से 22 जनवरी तक लगभग सूखे जैसे हालात रहे और सामान्य से 96 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई थी। लेकिन बीते एक सप्ताह में सामान्य से 270 फीसदी अधिक वर्षा हो चुकी है। बर्फबारी की संभावना से एक बार फिर पर्यटन स्थलों पर सैलानियों की आमद बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। कुल मिलाकर, हिमाचल में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से चुनौतीपूर्ण रहने वाले हैं, ऐसे में सतर्कता और सावधानी ही सबसे बड़ा बचाव है।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें

ट्रेंडिंग न्यूज़
LAUGH CLUB
संबंधित आलेख