#यूटिलिटी
August 4, 2025
हिमाचल में कल भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट, अगले चार दिन सावधान रहे प्रदेश की जनता
कल प्रदेश के छह जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश इस समय भीषण मानसूनी कहर झेल रहा है। मौसम विभाग ने 8 अगस्त तक राज्य के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है, जिससे हालात और बिगड़ने की आशंका है। इस दौरान राज्य में कई मुख्य सड़क मार्ग बंद हो गए हैं, भूस्खलन की घटनाएं बढ़ी हैं और हजारों लोग प्रभावित हुए हैं।
मौसम विभाग की ओर से मंगलवार को कांगड़ा, ऊना और बिलासपुर जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट और हमीरपुर, सिरमौर तथा मंडी जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। आने वाले दिनों में भी शिमला, सोलन और अन्य जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। हालांकि 9 अगस्त के बाद से मौसम कुछ राहत दे सकता है।
कुल्लू जिले के निरमंड ब्लॉक के नोनू गांव में रविवार रात भूस्खलन की चपेट में आकर तीन मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि लगभग 3,500 सेब के पौधे नष्ट हो गए। दूसरी ओर, मंडी जिले के पंडोह क्षेत्र में जागर नाले के उफान से लोग दहशत में हैं। चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर मलबा आने से यातायात ठप हो गया है। इस मार्ग पर एक पीजीआई की एम्बुलेंस भी फंस गई।
भरमौर-पठानकोट हाईवे पर भी पहाड़ी दरकने से यातायात अवरुद्ध है। मंडी-पंडोह क्षेत्र के 9 मील इलाके में भारी मलबा और चट्टानों के कारण हाईवे बंद है, जिससे स्थानीय निवासी पूरी रात दहशत में गुजारने को मजबूर हुए।
यह भी पढ़ें : हिमाचल: केंद्र ने गरीब परिवारों के लिए दिए आशियाने, अमीरों ने जमा लिया कब्जा; ऐसे हुआ खुलासा
जिला कुल्लू में एनएच-305 जहेड़ के पास बंद पड़ा है, जिसे खोलने के प्रयास जारी हैं। राज्यभर में 265 संपर्क मार्ग अब भी बंद हैं, हालांकि सोमवार को 44 मार्गों को बहाल कर लिया गया। बारिश के चलते कई जिलों में शैक्षणिक संस्थान भी एहतियातन बंद कर दिए गए हैं।
भारी बारिश और भूस्खलन के कारण 41 बिजली ट्रांसफार्मर और 282 पेयजल योजनाएं अभी भी ठप हैं, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
20 जून से शुरू हुए मानसून सीजन में हिमाचल प्रदेश में अब तक 192 लोगों की जान जा चुकी है, जबकि 36 लोग लापता और 301 घायल हुए हैं। अकेले मंडी जिले में सबसे ज्यादा 42 मौतें और 27 लोग लापता हैं। वित्तीय नुकसान का आंकड़ा 1,753 करोड़ रुपए पार कर गया है, जिसमें सबसे ज्यादा 888 करोड़ रुपए का नुकसान लोक निर्माण विभाग, 618 करोड़ जल शक्ति विभाग, और 139 करोड़ बिजली बोर्ड को हुआ है।
यह भी पढ़ें : CM सुक्खू के गृह जिला में फर्जीवाड़ा: मजदूरों के नाम पर सरकारी योजनाओं का लाभ ले गए रसूखदार
राज्य सरकार और आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे मौसम विभाग की चेतावनियों को गंभीरता से लें, सुरक्षित स्थानों पर रहें और अनावश्यक यात्रा से बचें। भारी बारिश के मद्देनजर सभी जिला प्रशासन को हाई अलर्ट पर रखा गया है।