#यूटिलिटी
May 31, 2025
हिमाचल में पांच दिन खराब रहेगा मौसम, बारिश, अंधड़ का ऑरेंज अलर्ट जारी
हिमाचल आने वाले पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह
शेयर करें:
शिमला। हिमाचल प्रदेश का मौसम कूल कूल हो गया है। जिसके चलते बाहरी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए भारी संख्या में सैलानी हिमाचल का रूख कर रहे हैं। मई महीने में जहां हिमाचल में भीषण गर्मी पड़ती थी, वहीं इस बार हिमाचल के ऊंची चोटियों पर हल्का हिमपात हो रहा है। विश्वप्रसिद्ध रोहतांग दर्रे में आज सुबह से हल्के फाहों जैसी बर्फ गिरती रही। वहीं मनाली की ऊंची पहाड़ियों और आसपास की चोटियों ने सफेद चादर ओढ़ ली। नजारा ऐसा कि मानो जनवरी का मौसम लौट आया हो।
प्रदेश के इस बदलते मौसम से जहां पर्यटक काफी खुश हैं। वहीं किसानों बागवानों की चिंताएं बढ़ रही हैं। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन तक प्रदेश के कई स्थानों पर बारिश के साथ ओलावृष्टि और तेज अंधड़ की चेतावनी जारी की है। से देखते हुए स्थानीय लोगों सहित टूरिस्ट को एडवाइजरी जारी की गई है। लोगों को नदी नालों के आसपासए जहां पानी इकट्ठा होता हो और लैंडस्लाइड संभावित क्षेत्रों में नहीं जानो की सलाह दी गई है।
मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ों पर अगले पांच दिन मौसम खराब रहेगा। 31 मई से 5 जून तक प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश होने के आसार हैं। इस दौरान 31 मई से 2 जून तक चंबा, कांगड़ा, कुल्लू व मंडी, जिला में जबकि पहली और दो जून को शिमला, सोलन व सिरमौर जिला में भारी बारिश के साथ अंधड़ चलने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग की मानें तो इस दौरान प्रदेश के कुछ भागों में भारी बारिश हो सकती है। कई स्थानों पर 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तूफान भी कहर बरपा सकता है। कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हो सकती है। बीते 24 घंटे के दौरान भी कई भागों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई है। इससे तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। बीते 24 घंटे के दौरान प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 3.4 डिग्री गिरा है। कई शहरों का पारा 24 घंटे में 8 डिग्री से भी ज्यादा गिरा है।
हिमाचल का कूल कूल मौसम बाहरी राज्यों के सैलानियों को अपनी और खींच रहा है। बाहरी राज्यों में पड़ रही भीषण गर्मी से राहत पाने के लिए भारी संख्या में पर्यटक हिमाचल का रूख कर रहे हैं। जिससे हिमाचल में पर्यटन कारोबार से जुड़े लोगों के चेहरों पर रौनक छा गई है।