राजनीति

#यूटिलिटी

August 6, 2025

रक्षाबंधन-भैया दूज पर HRTC का तोहफा : हिमाचल की बहनों को मिलेगी मुफ्त बस यात्रा

2800 बसों में लागू होगी योजना

Add

News4himachal

as a

Trusted Source on

Google

शेयर करें:

HRTC Bus

शिमला। हिमाचल प्रदेश की लाखों महिलाओं के लिए रक्षाबंधन और भैया दूज का त्यौहार इस बार भी खास रहने वाला है। राज्य सरकार की परंपरा को जारी रखते हुए HRTC ने इन दोनों पर्वों पर महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देने का ऐलान किया है।

HRTC का महिलाओं को तोहफा

HRTC के प्रबंध निदेशक डॉ. निपुण जिंदल ने इस संबंध में आधिकारिक आदेश जारी करते हुए सभी डिप्टी डिवीजनल और रीजनल मैनेजरों को महिलाओं की निःशुल्क यात्रा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

यह भी पढ़ें : हिमाचल के सिनेमाघर बने मंदिर : इस फिल्म को देखने के लिए जूते उतारकर आ रहे दर्शक, देखें

महिलाओं को मिलेगा लाभ

यह सुविधा इस वर्ष 9 अगस्त को रक्षाबंधन और 23 अक्टूबर को भैया दूज के दिन प्रदेशभर में उपलब्ध रहेगी। इन दोनों ही पर्वों पर हिमाचल की लगभग 30 लाख से अधिक बहनें अपने भाइयों से मिलने या अन्य पारिवारिक आवश्यकताओं के लिए यात्रा करती हैं। सरकार का यह निर्णय उनकी सुविधा और सम्मान दोनों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।

कब तक मिलेगी सुविधा?

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह मुफ्त यात्रा सुविधा सिर्फ सरकारी ऑर्डिनरी बसों में ही लागू होगी। साथ ही, इस सुविधा का लाभ केवल सूर्योदय से सूर्यास्त तक ही मिल सकेगा। यानी रात के समय चलने वाली बसों में महिलाएं इस छूट का लाभ नहीं उठा सकेंगी।

यह भी पढ़ें : हिमाचल: महादेव के दर्शन करने गए 2 श्रद्धालुओं ने तोड़ा दम, कई फंसे- रोकनी पड़ी यात्रा

2800 बसों में लागू होगी योजना

HRTC के बेड़े में वर्तमान में करीब 2800 बसें हैं, जिनमें से ज्यादातर ऑर्डिनरी श्रेणी की हैं। ये बसें हिमाचल के दुर्गम गांवों से लेकर नगरों और शहरों तक सुगम आवागमन का मुख्य साधन हैं। अब इन सभी बसों में रक्षाबंधन और भैया दूज के दिन महिलाएं नि:शुल्क यात्रा कर सकेंगी, जिससे न केवल उन्हें आर्थिक राहत मिलेगी, बल्कि त्योहारों पर उनकी यात्रा और भी सहज हो सकेगी।

सरकार की वर्षों पुरानी परंपरा

हिमाचल सरकार बीते कई वर्षों से रक्षाबंधन और भैया दूज जैसे पारिवारिक व सांस्कृतिक महत्व वाले पर्वों पर महिलाओं को HRTC की बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा देती आई है। यह पहल न केवल राज्य की बेटियों और बहनों को सम्मान देने का प्रतीक है, बल्कि पर्वों के अवसर पर उनकी यात्रा को आसान और सुरक्षित बनाने का एक प्रयास भी है।

यह भी पढ़ें : हिमाचल में चिट्टा सप्लाई करती थी चंडीगढ़ की लड़की, दो साथियों समेत चढ़ी पुलिस के हत्थे

व्यवस्था सुनिश्चित करने को दिशा-निर्देश जारी

HRTC के एमडी डॉ. निपुण जिंदल ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि बस परिचालक (कंडक्टर) और चालक (ड्राइवर) इस आदेश का पालन सुनिश्चित करें। साथ ही सभी डिपुओं को इस संबंध में समय रहते उचित व्यवस्थाएं करने को कहा गया है ताकि महिलाओं को कोई असुविधा न हो।

नोट : ऐसी ही तेज़, सटीक और ज़मीनी खबरों से जुड़े रहने के लिए इस लिंक पर क्लिक कर हमारे फेसबुक पेज को फॉलो करें।

ट्रेंडिंग न्यूज़

LAUGH CLUB

संबंधित आलेख