#यूटिलिटी
December 28, 2025
हिमाचल में बर्फबारी के बीच होगा नए साल का स्वागत, ऑरेंज अलर्ट जारी, जानें कब बिछेगी सफेद चादर
जिले के कई इलाकों में छाया रहा घना कोहरा
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में लंबे समय तक चल रहे ड्राई स्पेल के बाद अब घने कोहरे ने आम लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। कड़ाके की ठंड के बीच सुबह और शाम को छाया गहरा कोहरा जनजीवन को प्रभावित कर रहा है। वहीं, मौसम विभाग ने ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना के चलते ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया है।
बता दें कि, मौसम विभाग के अनुसार 30 दिसंबर से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे हल्की बर्फबारी हो सकती है और लोगों को लंबे समय से चल रही शुष्क ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है। बीते कल यानी शनिवार को प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम साफ रहा।
शिमला, मनाली, लाहौल-स्पीति और कुल्लू जैसे पर्यटन स्थलों पर धूप खिली रही, जिससे दोपहर के समय तापमान थोड़ा बढ़ गया। वहीं मैदानी क्षेत्रों में सुंदरनगर में बहुत घना कोहरा छाया रहा। बिलासपुर में घना और मंडी में हल्का कोहरा देखने को मिला।
प्रदेश के 11 शहरों में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। पिछले 24 घंटों में न्यूनतम तापमान में कुछ बढ़ोतरी भी दर्ज की गई है। हिमाचल प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम फिर बदल सकता है, इसे लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के वैज्ञानिक संदीप शर्मा के अनुसार 30 दिसंबर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है।
इसके असर से राज्य की मध्य और ऊंची पहाड़ियों में 30 दिसंबर और 2 जनवरी को कुछ जगहों पर हल्की बर्फबारी हो सकती है। वहीं 31 दिसंबर और 1 जनवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है।
वहीं, हफ्ते के शेष दिनों में प्रदेश में मौसम के शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में 28 और 29 दिसंबर को सुबह और देर रात घना कोहरा छाए रहने को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके बाद 30 और 31 दिसंबर को कोहरे की स्थिति को देखते हुए येलो अलर्ट लागू रहेगा।
⦁ अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान 2 से 4 °C तक बढ़ सकता है।
⦁ इसके बाद अगले 2 से 3 दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2 से 5 °C तक गिर सकता है।
⦁ अगले 2 से 3 दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 5 °C तक बढ़ने की संभावना है।
⦁ इसके बाद अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 6 °C तक गिरावट आ सकती है।
⦁ शिमला: 7.5 डिग्री
⦁ सुंदरनगर: 0.8 डिग्री
⦁ भुंतर: 0.4 डिग्री
⦁ कल्पा: 0.6 डिग्री
⦁ धर्मशाला: 7.4 डिग्री
⦁ ऊना: 2.8 डिग्री
⦁ नाहन: 8.1 डिग्री
⦁ पालमपुर: 3.0 डिग्री
⦁ सोलन: 1.4 डिग्री
⦁ मनाली: 2.1 डिग्री
⦁ कांगड़ा: 4.6 डिग्री
⦁ मंडी: 4.1 डिग्री
⦁ बिलासपुर: 6.5 डिग्री
⦁ हमीरपुर: 3.0 डिग्री
⦁ जुब्बड़हट्टी: 6.0 डिग्री
⦁ कुफरी: 7.0 डिग्री
⦁ नारकंडा: 4.2 डिग्री
⦁ भरमौर: 6.0 डिग्री
⦁ रिकांगपिओ: 2.9 डिग्री
⦁ सेऊबाग: 0.3 डिग्री
⦁ पांवटा साहिब: 9.0 डिग्री
⦁ सराहन: 5.0 डिग्री
⦁ देहरा गोपीपुर: 7.0 डिग्री
⦁ नेरी: 8.3 डिग्री
⦁ बजौरा: 1.5 डिग्री सेल्सियस