#यूटिलिटी
May 13, 2026
हिमाचल में तीन दिन मचेगा आंधी-बारिश का कहर, बिजली गिरने का अलर्ट भी किया जारी
खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह
शेयर करें:

शिमला। हिमाचल प्रदेश में मौसम एक बार फिर बदलने वाला है। मैदानी इलाकों में बढ़ती गर्मी के बीच मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई है। 16 मई तक खराब मौसम का असर देखने को मिल सकता है, जबकि उसके बाद तापमान में और बढ़ोतरी होने के संकेत हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार अगले तीन दिनों तक तेज हवाएं चलने, गर्जन के साथ बारिश होने और कुछ क्षेत्रों में बिजली गिरने की आशंका है। विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है,
खासकर पहाड़ी और संवेदनशील क्षेत्रों में यात्रा करने वालों को सावधानी बरतने को कहा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि 18 और 19 मई से प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। इसके बाद मैदानी और निचले क्षेत्रों में गर्मी और अधिक बढ़ सकती है।
दरअसल, आज बुधवार को राजधानी शिमला समेत अधिकतर क्षेत्रों में मौसम साफ रहा और तेज धूप खिली रही। प्रदेश के मैदानी इलाकों में गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
सबसे अधिक तापमान ऊना में दर्ज किया गया, जहां पारा 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा सुंदरनगर, कांगड़ा, मंडी, धर्मशाला और सोलन में भी तापमान सामान्य से अधिक रिकॉर्ड किया गया।
दूसरी ओर जनजातीय क्षेत्रों में हल्की बारिश से मौसम सुहावना बना रहा। किन्नौर के कल्पा सहित कुछ ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई। मौसम विभाग के मुताबिक बीते 24 घंटों में प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में बढ़ोतरी हुई है।
प्रदेश के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश भी रिकॉर्ड की गई। कुकुमसेरी, सेओबाग, सलूणी, ददाहू और जोगिंद्रनगर समेत कुछ इलाकों में बूंदाबांदी होने से तापमान में मामूली राहत महसूस की गई।